विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गिरफ्तारी के बाद होटल में हुई शादी, अब दारोगा पर युवती ने लगाए गंभीर आरोप, पहुंची सारण एसएसपी के पास

Published: Fri, 11 Sep 2026 09:50 AM (IST)

सारण के छपरा में एक दारोगा पर शादी का झांसा देकर युवती का यौन शोषण करने और बाद में पत्नी ...और पढ़ें

दारोगा से शादी के बाद भी नहीं मिला पत्नी का हक, युवती पहुंची SSP के पास, लगाए गंभीर आरोप। सांकेत‍िक तस्‍वीर

दारोगा से शादी के बाद भी नहीं मिला पत्नी का हक, युवती पहुंची SSP के पास, लगाए गंभीर आरोप। सांकेत‍िक तस्‍वीर

HighLights

  1. दारोगा पर शादी का झांसा देकर यौन शोषण का आरोप।

  2. गिरफ्तारी के बाद हुई शादी, फिर भी पत्नी को छोड़ा।

  3. पीड़िता ने सारण एसएसपी से न्याय की गुहार लगाई।

जागरण संवाददाता, छपरा। भगवान बाजार थाने में तैनात एक दारोगा पर शादी का झांसा देकर लंबे समय तक युवती का यौन शोषण करने और शादी के बाद पत्नी के रूप में साथ रखने से इनकार करने का आरोप लगा है।

नालंदा की रहने वाली युवती ने गुरुवार को सारण के एसएसपी रौशन कुमार से मिलकर दारोगा मो. आसिफ के विरुद्ध शिकायत की।

नालंदा की युवती ने एसएसपी से मिलकर सुनाई पीड़ा

युवती ने आरोप लगाया कि अब पति की ओर से पटना में मकान की मांग की जा रही है। मामले को लेकर एसएसपी ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है।

पीड़िता के अनुसार, बिहार पुलिस अकादमी, छबिलापुर में प्रशिक्षण के दौरान उसकी मुलाकात मो. आसिफ से हुई थी। युवती का आरोप है कि दारोगा ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ कई बार संबंध बनाए।

बाद में शादी से इनकार करते हुए कथित तौर पर जाति का हवाला दिया और उससे संपर्क कम कर दिया। युवती ने इसके बाद नालंदा महिला थाने में कांड संख्या 150/2025 के तहत प्राथमिकी कराई।

प्राथमिकी के बाद होटल में हुई थी शादी

पीड़िता के मुताबिक, गिरफ्तारी के बाद 25 दिसंबर 2025 को राजगीर के एक निजी होटल में दोनों की शादी हुई। उसका दावा है कि शादी के बाद उसे पत्नी के रूप में साथ रखने का लिखित वचन भी दिया गया था।

पीड़िता का आरोप है कि अग्रिम जमानत मिलने के बाद दारोगा ने उसे पत्नी के रूप में साथ रखने से इनकार कर दिया। पटना में मकान की मांग को लेकर उस पर दबाव बनाया गया।

युवती ने गाली-गलौज, मानसिक प्रताड़ना और दूसरी शादी करने की धमकी देने के भी आरोप लगाए हैं। उसने एसएसपी से मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

मामले में एसएसपी रौशन कुमार ने बताया कि युवती की शिकायत मिली है। मामले की जांच कराई जाएगी। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।