Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    छपरा सदर अस्पताल में 15 अगस्त से शुरू होंगी 70 प्रकार की सर्जरी, अब मरीजों को बाहर जाने की नहीं होगी जरूरत

    Updated: Wed, 05 Aug 2026 01:23 PM (IST)

    छपरा सदर अस्पताल में 15 अगस्त से 70 प्रकार की सर्जरी शुरू होंगी, जिससे मरीजों को इलाज के लिए बड़े शहरों में जाने की मजबूरी खत्म होगी। ...और पढ़ें

    छपरा सदर अस्पताल

    छपरा सदर अस्पताल

    HighLights

    1. 15 अगस्त से छपरा सदर अस्पताल में 70 सर्जरी शुरू।

    2. मरीजों को बड़े शहरों में रेफर होने की मजबूरी खत्म।

    3. हर्निया, सिजेरियन, हड्डी रोग सहित कई सर्जरी उपलब्ध।

    हरि प्रकाश मिश्रा, छपरा। इलाज के लिए बड़े शहरों की दौड़ और रेफरल की मजबूरी अब जल्द ही अतीत बन सकती है। सदर अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में बड़ा कदम उठाते हुए 15 अगस्त से 70 प्रकार की सर्जरी शुरू करने की तैयारी तेज कर दी गई है। स्वास्थ्य विभाग ने स्पष्ट किया है कि सरकार द्वारा सूचीबद्ध सर्जरी के मामलों में अनावश्यक रेफर पर सिविल सर्जन की जवाबदेही तय की जाएगी।

    सर्जरी सेवाओं के विस्तार पर जोर

    स्वास्थ्य विभाग के सचिव स्तर से इसकी नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है। प्रतिदिन वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से सिविल सर्जन और वरीय अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक हो रही है। अस्पताल में आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती और ऑपरेशन थिएटर की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है।

    जिले में ही मिलेंगी कई बड़ी सुविधाएं

    नई व्यवस्था के तहत हाइड्रोसील, हर्निया, अपेंडिक्स, पाइल्स, फिस्टुला, स्तन गांठ और पित्त की थैली से जुड़ी सर्जरी सदर अस्पताल में की जाएगी। स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग में सिजेरियन ऑपरेशन, गर्भाशय निकालने की सर्जरी, एक्टोपिक प्रेग्नेंसी और परिवार नियोजन संबंधी ऑपरेशन की सुविधा भी उपलब्ध होगी। 

    आर्थोपेडिक विभाग में फ्रैक्चर के जटिल ऑपरेशन, प्लेटिंग, इंटरलॉकिंग नेल और हिप रिप्लेसमेंट किए जाएंगे। वहीं नेत्र, ईएनटी और दंत विभाग में भी कई महत्वपूर्ण शल्य चिकित्सा सेवाएं शुरू होंगी।

    एमसीएच भवन से होगी शुरुआत

    अस्पताल प्रशासन ने फिलहाल मदर एंड चाइल्ड हेल्थ (एमसीएच) भवन के ऑपरेशन थिएटर से सर्जरी सेवाएं शुरू करने का निर्णय लिया है। प्रारंभिक चरण में उपलब्ध संसाधनों के आधार पर ऑपरेशन किए जाएंगे। 

    उपाधीक्षक डॉक्टर के एम दुबे ने बताया कि मॉडल इमरजेंसी अस्पताल का निर्माण पूरा होने के बाद अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर और बेहतर सुविधाओं के साथ इन सेवाओं का और विस्तार किया जाएगा।

    नई व्यवस्था से सारण के मरीजों को निजी अस्पतालों और दूसरे शहरों पर निर्भरता कम होगी, जबकि समय और उपचार खर्च दोनों में राहत मिलने की उम्मीद है।

    सदर अस्पताल में मिलेगी 70 प्रकार की सर्जरी की सुविधा

    जनरल सर्जरी विभाग:  ट्यूमर, हाइड्रोसील, सभी प्रकार के हर्निया, अपेंडिक्स, फिस्टुला, फिशर, पाइल्स, सर्कम्सिशन, पेनाइल सर्जरी, ब्रेस्ट ट्यूमर, आंतों में रुकावट, आंत फटने के मामलों, कोलेसिस्टेक्टामी तथा टंग टाई सहित 13 प्रकार की सर्जरी की जाएगी।

    खबरें और भी

    आर्थोपेडिक विभाग: टिबिया, फीमर व ह्यूमरस की इंटरलाकिंग नेलिंग, विभिन्न हड्डियों की प्लेटिंग, रेडियस-उलना नेलिंग, टेंस नेल एप्लीकेशन, फीमर नेक फ्रैक्चर का हेमी रिप्लेसमेंट, टोटल हिप रिप्लेसमेंट, क्लोज्ड रिडक्शन व प्लास्टर, एक्सटर्नल फिक्सेशन, आस्टियोमाइलाइटिस प्रबंधन, हाथ की चोटों का उपचार तथा सीटीईवी (क्लब फुट) जैसी 15 प्रकार की प्रक्रियाएं उपलब्ध होंगी।

    स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग: पेल्विक फ्लोर रिपेयर, टोटल एब्डामिनल व वेजाइनल हिस्टेरेक्टामी, डी एंड सी, लोअर सेगमेंट सिजेरियन सेक्शन, जटिल सिजेरियन ऑपरेशन, ब्लैडर रिपेयर, सिजेरियन हिस्टेरेक्टामी, यूटेरस रिपेयर, एक्टोपिक व मोलर प्रेग्नेंसी, सर्जिकल गर्भसमापन, बाइलेटरल ट्यूब लिगेशन और पेरिनियल टियर रिपेयर जैसी 14 प्रमुख सर्जरी होंगी।

    नेत्र विभाग: छोटे चीरे से मोतियाबिंद ऑपरेशन, फेकोइमल्सीफिकेशन, ट्रेबेक्यूलेक्टामी, डैक्रियोसिस्टोराइनोस्टामी, पटेरीजियम एक्सीजन, चैलाजियन सर्जरी, एंट्रोपियन, एक्ट्रोपियन तथा ट्रामेटिक आईलिड रिपेयर सहित नौ प्रकार की सर्जरी की सुविधा मिलेगी।

    ईएनटी विभाग: कान की लोबुलोप्लास्टी, सिस्ट एक्सीजन, कान की सर्जरी, साइनस सर्जरी और लेरिंजियल प्रक्रियाएं शामिल हैं।

    दंत चिकित्सा विभाग: दांत निकालना, रूट कैनाल ट्रीटमेंट, ओरल प्रोफिलैक्सिस, दांतों की फिलिंग, ओरल कैंसर स्क्रीनिंग व बायोप्सी, बच्चों का दंत उपचार तथा इंटरडेंटल वायरिंग जैसी सात सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।