विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारण MLC चुनाव में बड़ा उलटफेर, BJP के 'बागी' निर्दलीय डॉ. राहुल राज ने NDA को दी करारी शिकस्त

By Zakir AliEdited By: Rajat Mourya
Published: Tue, 27 Oct 2026 05:14 PM (IST)Updated: Tue, 27 Oct 2026 09:47 PM (IST)

डॉ. राहुल राज ने सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से विधान परिषद चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में जीत हासिल की, उन्होंने एनडीए समर्थित आनंद पुष्कर को हराया।

सारण MLC चुनाव: निर्दलीय डॉ. राहुल राज ने मारी बाजी, आनंद पुष्कर को दी शिकस्त

सारण MLC चुनाव: निर्दलीय डॉ. राहुल राज ने मारी बाजी, आनंद पुष्कर को दी शिकस्त

HighLights

  1. डॉ. राहुल राज ने सारण शिक्षक MLC चुनाव जीता।

  2. एनडीए प्रत्याशी आनंद पुष्कर को मिली हार।

  3. शिक्षकों की समस्याओं को सदन में उठाएंगे राहुल राज।

जागरण संवाददाता, छपरा। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के विधान परिषद चुनाव में निर्दलीय प्रत्याशी डॉ. राहुल राज ने शानदार जीत दर्ज की है। उन्होंने एनडीए समर्थित प्रत्याशी आनंद पुष्कर को 1,815 मतों से पराजित किया।

मतगणना में राहुल राज को कुल 4,965 मत मिले, जबकि आनंद पुष्कर को 3,150 मतों से संतोष करना पड़ा। इस जीत के साथ राहुल राज ने शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में अपनी मजबूत राजनीतिक उपस्थिति दर्ज कराई है।

तीसरे नंबर पर जन सुराज

मतगणना के परिणामों के अनुसार, जन सुराज के प्रत्याशी आफाक अहमद 2,454 मत प्राप्त कर तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, राजद प्रत्याशी जयराम यादव को 1,708 मत मिले और वे चौथे स्थान पर रहे।

चुनाव में राहुल राज और आनंद पुष्कर के बीच मुख्य मुकाबला माना जा रहा था। मतों की गिनती पूरी होने के बाद राहुल राज ने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी आनंद पुष्कर पर स्पष्ट बढ़त के साथ जीत हासिल की। दोनों प्रत्याशियों के बीच मतों का अंतर 1,815 रहा।

परिणाम सामने आने के बाद सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के चुनाव में राहुल राज की जीत प्रमुख चर्चा का विषय बन गई है। निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ते हुए उन्होंने एनडीए समर्थित उम्मीदवार को पीछे छोड़कर विधान परिषद की इस सीट पर विजय प्राप्त की।

शिक्षकों की समस्याओं को सदन में उठाएंगे

जीत के बाद डॉ. राहुल राज ने अपनी सफलता का श्रेय शिक्षकों के समर्थन और आशीर्वाद को दिया। उन्होंने कहा कि उनके साथ जुड़े लोग कोई वेतनभोगी कार्यकर्ता नहीं, बल्कि शिक्षक और मतदाता थे, जिन्होंने निष्ठा के साथ उनका साथ दिया। उन्होंने अपनी जीत शिक्षक समुदाय को समर्पित की।

राहुल राज ने कहा कि शिक्षकों की लंबित मांगों को पूरा कराने के लिए वह आवाज उठाएंगे। इनमें सातवें वेतन आयोग के अनुरूप वेतन दिलाना और वित्त रहित शिक्षकों को अनुदान के बदले वेतनमान उपलब्ध कराना प्रमुख है।

उन्होंने वित्त रहित शिक्षकों की राशि सीधे उनके बैंक खातों में प्रत्यक्ष लाभ अंतरण (डीबीटी) के माध्यम से भेजने की व्यवस्था के लिए भी प्रयास करने की बात कही।

शिक्षकों के सम्मान और सुविधाओं पर जोर

राहुल राज ने कहा कि शिक्षकों को अपने कार्यों के लिए सरकारी कार्यालयों का चक्कर लगाना पड़ता है। कार्यालय पहुंचने पर उनके बैठने की व्यवस्था और सम्मानजनक व्यवहार सुनिश्चित होना चाहिए।

उन्होंने शिक्षकों के हित में आकस्मिक दुर्घटना कोष बनाने और उनके सम्मान से जुड़ी सुविधाओं को प्राथमिकता देने की बात कही।

भाजपा में वापसी का फैसला शिक्षकों पर छोड़ा

भाजपा में वापसी के सवाल पर राहुल राज ने कहा कि उनकी विचारधारा से सभी परिचित हैं, लेकिन पार्टी में वापसी का फैसला वह शिक्षकों पर छोड़ते हैं।

उल्लेखनीय है कि पार्टी के अधिकृत प्रत्याशी के विरुद्ध चुनाव लड़ने के कारण भाजपा ने उन्हें छह वर्षों के लिए निष्कासित कर दिया था। इसके बावजूद उन्होंने निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़ा और जीत हासिल की। वर्तमान में डॉ. राहुल राज रिविलगंज के प्रखंड प्रमुख भी हैं।

उम्मीदवारों को मिले प्रथम वरीयता के मतों का पूरा विवरण इस प्रकार है:

उम्मीदवार का नाम प्रथम वरीयता के मत
डॉ. राहुल राज 2,723
आनंद पुष्कर 2,440
आफाक अहमद 1,999
जयराम यादव 1,708
रामेंद्र राय 228
विद्या सागर विद्यार्थी 54
प्रदीप कुमार 13
डॉ. प्रियांशु कुमार कश्यप 8
सैयद नजमुल होदा 8
राम पुकार सिन्हा 5
मनोहर कुमार श्रीवास्तव 4
नज़ीर हुसैन 3
इमाम हसन 2
हिमांशु शेखर 2
कैलाश तिवारी 0
नुमान अहमद खान नज़मी 0
बैतुल्लाह अंसारी 0
लालू प्रसाद यादव 0

यह भी पढ़ें- Bihar MLC Election: पढ़े-लिखे वोटरों की बड़ी लापरवाही, सारण शिक्षक चुनाव में 373 वोट अवैध घोषित

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।