Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    चुनाव के समय शिफ्ट नहीं होगा पुलिस स्‍टेशन; 11 साल बाद अपने भवन में चलेगा गौरा थाना

    Updated: Mon, 06 Apr 2026 11:59 AM (GMT+05:30)

    गौरा थाना, जो 11 वर्षों से विकास भवन में संचालित था, अब अपने नए आधुनिक मॉडल भवन में स्थानांतरित होने वाला है। दो वर्षों से चल रहा निर्माण कार्य अंतिम ...और पढ़ें

    गौरा मॉडल थाना भवन तैयार। जागरण

    गौरा मॉडल थाना भवन तैयार। जागरण

    बिपिन कुमार मिश्रा, मढ़ौरा (सारण)। करीब 11 वर्षों से विकास भवन में संचालित हो रहा गौरा थाना अब अपने नए आधुनिक मॉडल भवन में शिफ्ट होने के बिल्कुल करीब है।

    निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंच चुका है और अगले एक सप्ताह के भीतर इसे पूरी तरह तैयार कर विभाग को सौंप दिया जाएगा। इसके बाद नए भवन में थाना संचालन की प्रक्रिया शुरू कर दी जाएगी।

    बिहार पुलिस भवन निर्माण निगम के जेई पंकज कुमार ने बताया कि फिनिशिंग का कार्य तेजी से चल रहा है और निर्धारित समय के भीतर इसे पूरा कर लिया जाएगा।

    दो वर्ष से चल रहा निर्माण अब पूरा 

    गौरा पंचायत सरकार भवन के समीप 50 डिसमिल भूमि पर 13 अगस्त 2024 से शुरू हुआ यह निर्माण कार्य अब अपने अंतिम चरण में है।

    नया मॉडल थाना अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस होगा। यहां पुलिस कार्य के लिए पर्याप्त स्थान, बेहतर कार्यालय व्यवस्था और पदाधिकारियों व जवानों के लिए सुसज्जित आवास की सुविधा उपलब्ध रहेगी।

    इससे पुलिस कार्यक्षमता में वृद्धि होगी और आम लोगों को भी बेहतर सेवाएं मिल सकेंगी। अब तक विकास भवन में सीमित जगह के कारण पुलिसकर्मियों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ता था।

    जब्त वाहनों के रख-रखाव की समुचित व्यवस्था नहीं थी। बड़े वाहनों को विष्णुपुरा उच्च विद्यालय परिसर में रखना पड़ता था। नए भवन के चालू होते ही ये सभी समस्याएं समाप्त हो जाएंगी।

    चुनाव के समय हट जाता था थाना 

    इसके अलावा, विकास भवन में दो बूथ होने के कारण हर चुनाव के दौरान थाना को अस्थायी रूप से स्थानांतरित करना पड़ता था, जिससे कार्य प्रभावित होता था। नए भवन के शुरू होने के बाद यह समस्या भी पूरी तरह खत्म हो जाएगी।

    गौरतलब है कि वर्ष 2015 में बिना अपने भवन के शुरू हुआ गौरा ओपी पिछले 11 वर्षों से विकास भवन में संचालित हो रहा है। अब नए मॉडल थाना के शुरू होने के साथ ही क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को नई मजबूती और आधुनिक स्वरूप मिलेगा।