Railway News: मऊ-कोलकाता स्पेशल ट्रेन लगाएगी 10 एक्स्ट्रा फेरे, बिहार समेत 4 राज्यों के यात्रियों को फायदा
रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए मऊ-कोलकाता विशेष ट्रेन के परिचालन की अवधि 10 अतिरिक्त फेरों के लिए बढ़ा दी है। ...और पढ़ें

सांकेतिक फोटो
HighLights
मऊ-कोलकाता विशेष ट्रेन का परिचालन 10 फेरों के लिए बढ़ा।
छपरा, सीवान, सोनपुर के यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त सुविधा।
ट्रेन में कुल 19 कोच, विभिन्न श्रेणियों में उपलब्ध होंगे।
जागरण संवाददाता, छपरा। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए मऊ-कोलकाता विशेष ट्रेन के परिचालन की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया है।
पूर्वोत्तर रेलवे की ओर से जारी सूचना के अनुसार, गाड़ी संख्या 05096/05095 मऊ-कोलकाता-मऊ विशेष ट्रेन का संचालन निर्धारित अवधि से आगे बढ़ाते हुए 10 अतिरिक्त फेरों के लिए किया जाएगा।
इससे छपरा और आसपास के यात्रियों को पश्चिम बंगाल तथा बिहार के विभिन्न शहरों के लिए यात्रा में सुविधा मिलेगी।
मऊ-कोलकाता स्पेशल ट्रेन का रूट
रेलवे के अनुसार, गाड़ी संख्या 05096 मऊ-कोलकाता विशेष ट्रेन 22 जुलाई से 23 सितम्बर तक प्रत्येक बुधवार को संचालित होगी। यह ट्रेन मऊ जंक्शन से दोपहर 1:20 बजे प्रस्थान कर सिवान, एकमा होते हुए शाम 5:10 बजे छपरा जंक्शन पहुंचेगी।
इसके बाद दिघवारा, सोनपुर, हाजीपुर, बरौनी, किऊल, झाझा, जसीडीह, आसनसोल और बर्द्धमान मार्ग से होकर अगले दिन सुबह 8:50 बजे कोलकाता पहुंचेगी।
वापसी दिशा में गाड़ी संख्या 05095 कोलकाता-मऊ विशेष ट्रेन 23 जुलाई से 24 सितम्बर तक प्रत्येक गुरुवार को चलाई जाएगी। यह ट्रेन कोलकाता से दोपहर 1:20 बजे रवाना होकर विभिन्न स्टेशनों से गुजरते हुए अगले दिन तड़के 4:10 बजे छपरा जंक्शन पहुंचेगी। इसके बाद एकमा, सीवान, भटनी और सलेमपुर होते हुए सुबह 8:40 बजे मऊ जंक्शन पहुंचेगी।
पूर्वी भारत के शहरों की यात्रा होगी आसान
मुख्य जनसंपर्क अधिकारी सुमित कुमार के अनुसार, इस विशेष ट्रेन के संचालन अवधि में विस्तार से छपरा, सिवान, सोनपुर और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को कोलकाता सहित पूर्वी भारत के प्रमुख शहरों तक यात्रा के लिए अतिरिक्त विकल्प उपलब्ध होगा।
ट्रेन में कुल 19 कोच लगाए जाएंगे, जिनमें दो एसएलआरडी, 10 सामान्य द्वितीय श्रेणी, पांच शयनयान, एक वातानुकूलित तृतीय श्रेणी तथा एक वातानुकूलित द्वितीय श्रेणी का कोच शामिल रहेगा। रेलवे ने यात्रियों से यात्रा से पूर्व समय-सारिणी की जानकारी प्राप्त करने की भी अपील की है।