सावधान! नौतपा के पहले ही दिन डराने लगे तेवर, सारण में आने वाले दिनों में 47 डिग्री तक जा सकता है पारा
नौतपा की शुरुआत के साथ ही बिहार के सारण जिले में भीषण गर्मी का प्रकोप बढ़ गया है, जहां तापमान 42 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है। ...और पढ़ें
-1779702987886_m.webp)
एआई द्वारा जेनरेट इमेज।
HighLights
नौतपा शुरू, सारण में 42 डिग्री तापमान
दोपहर में सड़कें वीरान, जनजीवन प्रभावित
डॉक्टरों ने लू से बचाव की सलाह दी
नागेंद्र सिंह, जलालपुर (सारण)। नौतपा काल सोमवार से शुरू हो गया। पहले ही दिन इसने अपने तीखे और डरावने तेवर दिखाने शुरू कर दिए।
सुबह आठ बजे के बाद ही सूर्य की तपिश ऐसी महसूस होने लगी मानो आसमान से आग बरस रही हो। तेज धूप और गर्म पछुआ हवाओं ने लोगों का घरों से निकलना मुश्किल कर दिया। दोपहर होते-होते सड़कें वीरान हो गईं, बाजारों की रौनक गायब हो गई और लोग घरों में कैद होने को मजबूर दिखे।
दोपहर करीब दो बजे कोपा-सम्होता स्टेशन रोड का दृश्य भयावह नजर आया। आम दिनों में जहां वाहनों और लोगों की आवाजाही लगी रहती है, वहीं सोमवार को पूरी सड़क सुनसान पड़ी रही।
दूर-दूर तक न तो दुकानें खुली दिखीं और न ही राहगीरों की भीड़। इक्का-दुक्का लोग सिर पर गमछा बांधे और चेहरे को कपड़े से ढंककर तेजी से गुजरते दिखे। गर्म हवा के थपेड़े इतने तेज थे कि कुछ मिनट धूप में खड़ा होना भी मुश्किल महसूस हो रहा था।
मौसम विभाग के अनुसार जिले में तापमान 42 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच चुका है, जबकि आने वाले दिनों में इसके 47 डिग्री तक पहुंचने का अनुमान है।
कहा जाता है नौतपा के दौरान सूर्य रोहिणी नक्षत्र में प्रवेश करता है और उसकी किरणें पृथ्वी पर लगभग सीधी पड़ती हैं। इससे जमीन तेजी से गर्म होती है और वातावरण में हीट वेव की स्थिति बन जाती है। हवा में नमी कम होने और धरती के लगातार तपने से लू का असर और अधिक खतरनाक हो जाता है।
किसानों को हो रही परेशानी
सबसे अधिक परेशानी खेतों में काम कर रहे किसानों, दिहाड़ी मजदूरों, रिक्शा चालकों और राहगीरों को हो रही है। खेतों में काम कर रहे कई मजदूर पेड़ों की छांव में बैठकर राहत पाने की कोशिश करते दिखे, लेकिन वहां भी गर्म हवा से राहत नहीं मिल रही थी।
खबरें और भी
डॉक्टर ने दी सलाह
वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. उमाशंकर विश्वकर्मा ने चेतावनी देते हुए कहा कि नौतपा के दौरान थोड़ी सी लापरवाही भी जानलेवा साबित हो सकती है।
शरीर में पानी की कमी होने पर डिहाइड्रेशन, हीट स्ट्रोक, तेज बुखार, बेहोशी और सांस लेने में परेशानी जैसी स्थिति पैदा हो सकती है।
उन्होंने लोगों को अधिक पानी पीने, ओआरएस, छाछ और नींबू पानी का सेवन करने तथा दोपहर 11 बजे से शाम चार बजे तक घरों में ही रहने की सलाह दी।
यह भी पढ़ें- नौतपा का आगाज: भागलपुर में प्रचंड गर्मी के साथ बारिश का भी अनुमान, 25 से 2 जून तक पूरा Weather Update