15 मार्च से थावे-मशरक होकर पटना के लिए फास्ट पैसेंजर ट्रेन, यात्रियों को बड़ी राहत, नोट करें टाइम
Indian Railway: मशरक (सारण) के रास्ते पटना-थावे-पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन (55515/55516) का नियमित परिचालन 15 मार्च से शुरू होगा। यह सेवा गोपालगंज, सारण ...और पढ़ें

थावे जंक्शन से मशरक के रास्ते पटना के लिए 15 मार्च से चलेगी फास्ट पैसेंजर ट्रेन। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
15 मार्च से पटना-थावे फास्ट पैसेंजर ट्रेन शुरू।
गोपालगंज, सारण यात्रियों को मिलेगी बड़ी राहत।
दैनिक यात्रियों, छात्रों के लिए विशेष सुविधा।
संवाद सहयोगी, मशरक (सारण)। Railway News: थावे जंक्शन से मशरक के रास्ते पटना जाने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। यात्रियों की सुविधा को देखते हुए 15 मार्च से पटना–थावे–पटना फास्ट पैसेंजर ट्रेन (55515/55516) का नियमित परिचालन शुरू किया जा रहा है।
इससे गोपालगंज, सारण और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को राजधानी पटना आने-जाने में बड़ी सहूलियत मिलेगी। रेलवे की ओर से जारी जानकारी के अनुसार 55515 पटना–थावे फास्ट पैसेंजर पटना से दिन में 12:10 बजे प्रस्थान करेगी।
इसके बाद यह फुलवारी शरीफ, पाटलिपुत्र, दीघा ब्रिज हाल्ट, दिघवारा, गोल्डिनगंज, छपरा ग्रामीण, खैरा, मढ़ौरा और मशरक सहित विभिन्न स्टेशनों पर रुकते हुए आगे बढ़ेगी।
वापसी में थावे से रात 8.05 बजे होगी रवाना
ट्रेन दिघवा दुबौली, सिधवलिया और रतन सराय होते हुए गोपालगंज पहुंचेगी और शाम सात बजे थावे जंक्शन पहुंचेगी। वहीं वापसी यात्रा में 55516 थावे–पटना फास्ट पैसेंजर थावे से शाम 8:05 बजे प्रस्थान करेगी।
यह गोपालगंज, रतन सराय, सिधवलिया, दिघवा दुबौली, मशरक, मढ़ौरा और छपरा ग्रामीण समेत कई स्टेशनों पर ठहराव करते हुए पटना की ओर जाएगी। ट्रेन रात में विभिन्न स्टेशनों से गुजरते हुए सुबह 3:20 बजे पटना पहुंचेगी।
दैनिक यात्रियों को होगी सहुलियत
इस ट्रेन के शुरू होने से खासकर दैनिक यात्रियों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को काफी राहत मिलेगी। स्थानीय लोगों का कहना है कि लंबे समय से इस रूट पर नियमित ट्रेन की मांग की जा रही थी। अब इस सेवा के शुरू होने से क्षेत्र के लोगों की यात्रा आसान होगी।
रेलवे के अनुसार इस ट्रेन में साधारण द्वितीय श्रेणी के 22 कोच और दो जीएसएलआरडी कोच सहित कुल 24 डिब्बे लगाए जाएंगे। इससे यात्रियों को पर्याप्त सीट उपलब्ध होने की उम्मीद है।