Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सारण: तीर्थयात्रा पर गया था रिटायर्ड दारोगा का परिवार, पीछे से चोरों ने बंद घर से उड़ाए 50 लाख के जेवर

    Updated: Tue, 21 Jul 2026 01:22 PM (IST)

    मांझी के घोरहट मठिया गांव में तीर्थयात्रा पर गए रिटायर्ड दारोगा श्याम सुंदर भारती के बंद घर से चोरों ने 50 लाख से अधिक के जेवरात उड़ा लिए। ...और पढ़ें

    चोरों ने बंद घर से उड़ाए 50 लाख के जेवर (AI Generated Image)

    चोरों ने बंद घर से उड़ाए 50 लाख के जेवर (AI Generated Image)

    संवाद सहयोगी, दाउदपुर/मांझी (सारण)। मांझी थाना क्षेत्र के घोरहट मठिया गांव में चोरों ने बंद पड़े एक घर को निशाना बनाते हुए 50 लाख रुपये से अधिक मूल्य के जेवरात पर हाथ साफ कर दिया। चोरी की यह वारदात रिटायर्ड दारोगा श्याम सुंदर भारती के घर में हुई।

    वे अपने सेना में कार्यरत पुत्रों के साथ 13 दिनों की तीर्थयात्रा पर गए हुए थे। यात्रा से लौटने पर परिजनों ने घर के कमरों के ताले टूटे और सामान बिखरा देखा तो चोरी की जानकारी हुई।

    सूचना मिलते ही मांझी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। प्रारंभिक जांच में पुलिस को आशंका है कि बदमाश रस्सी के सहारे छत पर चढ़े और रोशनदान के रास्ते घर में प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया।

    चोर घर में रखे लाखों रुपये मूल्य के जेवरात समेटकर फरार हो गए। रिटायर्ड पुलिस अधिकारी के घर हुई इस बड़ी चोरी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।

    ग्रामीणों के अनुसार, चोरी की शैली से प्रतीत होता है कि कुछ दिन पहले गांव के दो अन्य बंद मकानों में हुई चोरी और यह वारदात एक ही गिरोह की करतूत हो सकती है। बताया जा रहा है कि तीनों घरों को लगभग एक ही रात निशाना बनाया गया था।

    थानाध्यक्ष ने बताया कि मामले में शामिल संदिग्ध चोरों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापामारी की जा रही है।

    पुलिस ने जल्द ही आरोपितों की गिरफ्तारी और चोरी गए सामान की बरामदगी का दावा किया है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है।

    खबरें और भी