विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

लुधियाना से शादी में शामिल होकर बिहार लौट रहे परिवार के ऑटो को ट्रक ने रौंदा, मां-बेटे समेत 4 की मौत 

By Rajeev RanjanEdited By: Nishant Bharti
Published: Wed, 28 Oct 2026 08:15 AM (IST)

लुधियाना से शादी समारोह से लौट रहे एक परिवार के टेम्पो को सारण के गड़खा में ट्रक ने टक्कर मार ...और पढ़ें

ऑटो को ट्रक ने रौंदा

ऑटो को ट्रक ने रौंदा

HighLights

  1. गड़खा में ट्रक ने टेम्पो को रौंदा, भीषण हादसा।

  2. मां-बेटे सहित चार लोगों की दुखद मौत।

  3. शादी से लौट रहे परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़।

संवाद सूत्र, गड़खा (सारण)। लुधियाना में शादी समारोह में शामिल होकर घर लौट रहे एक परिवार की खुशियां रास्ते में ही मातम में बदल गईं। छपरा जंक्शन पर रात में ट्रेन से उतरने के बाद टेंपो से घर जा रहे परिवार के वाहन को मंगलवार की रात गड़खा थाना क्षेत्र के भैंसमारा के समीप ट्रक ने अपनी चपेट में ले लिया। 

छपरा-मुजफ्फरपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-722 पर हुए इस भीषण हादसे में मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत हो गई, जबकि पिता और उनकी दो वर्षीय पुत्री गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का उपचार चल रहा है। उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

ट्रक की चपेट में आने से टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त

प्राप्त जानकारी के अनुसार, टेंपो में चालक और खलासी समेत छह लोग सवार थे। सभी लुधियाना में आयोजित शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां से लौटने के बाद रात में छपरा जंक्शन पर ट्रेन से उतरे और टेंपो से अपने घर के लिए रवाना हुए। 

WhatsApp Image 2026-10-28 at 8.03.48 AM

इसी दौरान भैंसमारा के समीप ट्रक की चपेट में आने से टेंपो बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया।

मां अनु कुमारी और नौ माह के पुत्र ऋषभ की मौत

हादसे में परसा थाना क्षेत्र के पूरे छपरा गांव निवासी विशाल कुमार की 21 वर्षीय पत्नी अनु कुमारी और उनके नौ माह के पुत्र ऋषभ कुमार की मौत हो गई। मां-बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। 

WhatsApp Image 2026-10-28 at 7.59.43 AM

विशाल कुमार के एक पुत्र और एक पुत्री हैं। इस हादसे में उनके पुत्र ऋषभ की जान चली गई, जबकि दो वर्षीय पुत्री आदित्य गंभीर रूप से घायल है। पिता विशाल कुमार भी गंभीर रूप से जख्मी हैं। दोनों का हाजीपुर में उपचार कराया जा रहा है।

चालक और खलासी ने भी गंवाई जान

दुर्घटना में टेंपो चालक सुरेंद्र प्रसाद के पुत्र आशीष कुमार और खलासी 20 वर्षीय अमन कुमार की भी मौत हो गई। अमन कुमार भगवान बाजार थाना क्षेत्र के कटरा गांव निवासी भोला प्रसाद के पुत्र बताए गए हैं। हादसे में चार लोगों की मौत से संबंधित परिवारों में मातम पसरा हुआ है।

पुलिस ने शुरू की दुर्घटना की जांच

घटना की सूचना मिलते ही गड़खा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच कर रही है। 

शादी समारोह से लौट रहे परिवार के साथ हुए इस हादसे ने कई घरों की खुशियां छीन लीं। घर पहुंचने से पहले ही मां-बेटे समेत चार लोगों की मौत की खबर से स्वजन का रो-रोकर बुरा हाल है।

यह भी पढ़ें- सारण में शौच के लिए खेत जा रहे युवक की करंट से मौत, छोटे भाई को बचाने में बड़ा भाई भी जख्मी


देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।