बहन की विदाई के कुछ घंटे बाद भाई की मौत, सारण में शादी की खुशियां मातम में बदलीं
सारण के मकेर में बहन की शादी के कुछ घंटों बाद ही भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई। इस घटना से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं और परिवार पर दुखों का पह ...और पढ़ें

बहन की विदाई के कुछ घंटे बाद भाई की मौत
संवादसूत्र, मकेर (सारण)। मकेर थाना क्षेत्र के महावीर चौक में एक परिवार की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बहन की शादी के कुछ घंटे बाद ही भाई की सड़क हादसे में मौत हो गई। घटना गुरुवार देर रात की बताई जा रही है।
मृतक की पहचान महावीर चौक निवासी निजामुद्दीन के पुत्र मो. अनवर के रूप में हुई है। बताया जाता है कि गुरुवार को उसकी छोटी बहन गुड्डी खातून उर्फ रेशमी की शादी थी और घर में खुशी का माहौल था।
बारातियों को नाश्ता कराने गया था युवक
स्वजन के अनुसार बारात पूर्वी चंपारण जिले के मोतिहारी स्थित मलाही गांव से आई थी। शादी समारोह के दौरान मो. अनवर बारातियों को नाश्ता कराने होंडा एजेंसी के पास गया था।
इसी दौरान तेज रफ्तार बाइक पर सवार चार युवक अनियंत्रित होकर उसे जोरदार टक्कर मारते हुए फरार हो गए। हादसे में अनवर के सिर में गंभीर चोट लगी और वह सड़क पर गिर पड़ा।
पटना में इलाज के दौरान तोड़ा दम
स्थानीय लोगों की मदद से घायल युवक को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मकेर पहुंचाया गया। वहां से चिकित्सकों ने गंभीर स्थिति देखते हुए उसे छपरा रेफर कर दिया।
बाद में स्वजन बेहतर इलाज के लिए उसे पटना ले गए, जहां शुक्रवार दोपहर इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई।
परिवार की जिम्मेदारी संभाल रहा था अनवर
मो. अनवर बैंड-बाजा का कारोबार कर परिवार का भरण-पोषण करता था। वह तीन भाइयों में मंझला था। बड़े भाई की पहले ही कैंसर से मौत हो चुकी है, जबकि छोटा भाई दिव्यांग बताया जाता है।
ऐसे में पूरे परिवार की जिम्मेदारी अनवर के कंधों पर थी। उसकी अचानक मौत से परिवार पूरी तरह टूट गया है। इलाके के लोग भी इस घटना से स्तब्ध हैं।
पत्नी और माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल
बहन की विदाई के कुछ घंटे बाद ही भाई की मौत ने पूरे घर को गम में डुबो दिया। पत्नी मदीना खातून अपने तीन छोटे बच्चों के साथ बेसुध हो रही थी।
वहीं माता-पिता का रो-रोकर बुरा हाल था। शादी वाले घर में जहां कुछ घंटे पहले तक बैंड-बाजा और खुशियों की आवाज गूंज रही थी, वहां अब मातम पसरा हुआ है।