Saran News: एपीएचसी नरहरपुर में डॉक्टर गायब, मोबाइल पर चल रहा मरीजों का इलाज
राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस पर मढ़ौरा के एपीएचसी नरहरपुर में डॉक्टर अनुपस्थित पाए गए, और मरीजों का इलाज मोबाइल फोन के माध्यम से हो रहा था। इस अव्यवस्था पर ...और पढ़ें

एपीएचसी नरहरपुर में डॉक्टर गायब, मोबाइल पर चल रहा मरीजों का इलाज
HighLights
एपीएचसी नरहरपुर में डॉक्टर ड्यूटी से अनुपस्थित पाए गए।
मरीजों का इलाज मोबाइल फोन के जरिए किया जा रहा था।
प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी ने जांच और कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बिपिन कुमार मिश्रा, मढ़ौरा (सारण)। राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर जहां देशभर में डॉक्टरों के योगदान को सम्मानित किया गया, वहीं मढ़ौरा अनुमंडल क्षेत्र के अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (एपीएचसी) नरहरपुर की स्वास्थ्य व्यवस्था कई सवाल खड़े करती नजर आई।
बुधवार को अस्पताल का पड़ताल करने पर पाया गया कि यहां पदस्थापित चिकित्सक ड्यूटी पर मौजूद नहीं थे, जबकि मरीजों का इलाज मोबाइल फोन के माध्यम से कराया जा रहा था।
अस्पताल में मरीजों की ओपीडी जारी थी और उनका पंजीकरण भी किया जा रहा था। जांच के दौरान पता चला कि मरीजों के आने के बाद डेटा ऑपरेटर उनकी जानकारी दर्ज करते हैं और फिर चिकित्सक से मोबाइल फोन पर संपर्क कर मरीज की समस्या बताते हैं।
डॉक्टर फोन पर ही लक्षणों के आधार पर दवा लिखवाते हैं, जिसके अनुसार मरीजों को अस्पताल से दवा उपलब्ध करा दी जाती है। बुधवार को भी अस्पताल में इसी व्यवस्था के तहत मरीजों का उपचार किया जा रहा था।
स्थानीय लोगों और अस्पताल कर्मियों का कहना है कि यह व्यवस्था लंबे समय से चल रही है। उनके अनुसार, केंद्र पर तैनात चिकित्सक सप्ताह में केवल तीन दिन ही अस्पताल आते हैं, जबकि शेष दिनों में मरीजों का उपचार फोन के माध्यम से कराया जाता है।
इससे ग्रामीण क्षेत्र के मरीजों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिलने पर सवाल उठ रहे हैं। अस्पताल में एक एमबीबीएस चिकित्सक, तीन एएनएम, एक जीएनएम, सीएचओ इंचार्ज, बड़ा बाबू, डेटा ऑपरेटर, गार्ड और सफाईकर्मी सहित कई कर्मी पदस्थापित हैं।
हालांकि, बुधवार को अस्पताल में केवल डेटा आपरेटर कुंदन कुमार, गार्ड मोहन राम और सफाईकर्मी सुगांती देवी ही मौजूद मिले। बताया गया कि एएनएम और जीएनएम पोलियो अभियान से संबंधित कार्य में लगी थीं, जबकि अन्य कर्मी अनुपस्थित थे।
इस संबंध में फोन पर पूछे जाने पर चिकित्सक डॉ. शशिभूषण प्रसाद सिन्हा ने बताया कि वे नियमित रूप से ड्यूटी करते हैं। उन्होंने कहा कि बुधवार को एक कार्यक्रम में शामिल होने के कारण अस्पताल नहीं पहुंच सके, इसलिए अनुपस्थित रहे।
खबरें और भी
वहीं, अनुमंडलीय अस्पताल मढ़ौरा के प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. वीरेश कुमार ने कहा कि एपीएचसी नरहरपुर में प्रतिदिन ओपीडी संचालन का प्राविधान है। यदि चिकित्सक की अनुपस्थिति और फोन पर इलाज की बात सही पाई जाती है तो उनसे स्पष्टीकरण लिया जाएगा तथा मामले की रिपोर्ट वरीय अधिकारियों को भेजकर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।