Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सारण में भीषण गर्मी का कहर जारी, दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा; लोग घरों में रहने को मजबूर

    Updated: Thu, 23 Apr 2026 01:36 PM (IST)

    मशरक (सारण) में तेज पछुआ हवा और बढ़ते तापमान से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है, जिससे लोग घरों में रहने को मजबूर हैं और किसानों को भी परेशानी हो रही है। ...और पढ़ें

    सारण में भीषण गर्मी का कहर जारी, दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा (AI Generated Image)

    सारण में भीषण गर्मी का कहर जारी, दोपहर में सड़कों पर सन्नाटा (AI Generated Image)

    timer icon

    समय कम है?

    जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

    संक्षेप में पढ़ें

    प्रकाश कुमार सिंह, मशरक (सारण)। इन दिनों तेज पछुआ हवा और लगातार बढ़ते तापमान ने आम जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह से ही गर्म हवा के झोंके लोगों को घरों में रहने के लिए मजबूर कर रहे हैं, जबकि दोपहर होते-होते स्थिति और गंभीर हो जाती है। हालात ऐसे हो जाते हैं कि सड़कें सुनसान नजर आने लगती हैं और लोगों का घर से निकलना मुश्किल हो जाता है।

    पिछले कुछ दिनों में तापमान में लगातार इजाफा हुआ है, जिससे गर्मी का असर काफी तेज हो गया है। पछुआ हवा की रफ्तार इस तपिश को और अधिक बढ़ा रही है।

    सुबह 10 बजे के बाद से ही धूप तीखी हो जाती है और दोपहर 3 बजे तक बाजारों और सड़कों पर आवाजाही लगभग थम जाती है। जरूरी काम से बाहर निकलने वाले लोग भी सिर और चेहरा ढककर ही घर से बाहर निकल रहे हैं।

    किसानों के लिए चुनौती

    गर्मी का सबसे अधिक असर ग्रामीण इलाकों में देखने को मिल रहा है। खेतों में काम करने वाले किसानों के लिए यह मौसम चुनौती बन गया है। किसानों का कहना है कि अब वे केवल सुबह और शाम के समय ही खेतों में काम कर पा रहे हैं। दिन के समय तेज धूप और लू जैसे हालात के कारण खेतों में काम करना जोखिम भरा हो गया है।

    बढ़ती गर्मी के बीच हीट वेव का खतरा भी बढ़ गया है। इसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मशरक ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं।

    क्या बोले डॉक्टर?

    सीएचसी प्रभारी डॉ. अनंत नारायण कश्यप ने बताया कि हीट वेव से निपटने के लिए अस्पताल पूरी तरह तैयार है। अब तक दो मरीजों का सफल इलाज किया जा चुका है। अस्पताल में आवश्यक दवाएं, ओआरएस घोल, ठंडे पानी और बेड की पर्याप्त व्यवस्था की गई है।

    खबरें और भी

    साथ ही स्वास्थ्य कर्मियों को भी अलर्ट मोड में रखा गया है, ताकि किसी भी आपात स्थिति से तुरंत निपटा जा सके। उन्होंने लोगों से अपील की कि गर्मी के इस दौर में विशेष सावधानी बरतें, क्योंकि लापरवाही गंभीर स्थिति पैदा कर सकती है।

    दोपहर में घरों से न निकलें

    बताया कि हीट वेव से बचाव के लिए लोगों को दोपहर में घर से बाहर नहीं निकलने, हल्के रंग के सूती कपड़े पहनने और सिर ढककर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही शरीर में पानी की कमी न हो, इसके लिए नियमित रूप से पानी, नींबू पानी, छाछ और ओआरएस का सेवन करने की भी अपील की गई है।

    बच्चों, बुजुर्गों और बीमार व्यक्तियों का विशेष ध्यान रखने की जरूरत बताई गई है, क्योंकि ये लोग अधिक संवेदनशील होते हैं। किसी भी तरह की परेशानी होने पर तुरंत नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में संपर्क करने की सलाह दी गई है। गर्मी का असर बाजारों में भी देखने को मिल रहा है। दोपहर के समय अधिकांश दुकानें बंद रहती हैं और ग्राहक भी कम नजर आते हैं।

    व्यापारियों का कहना है कि गर्मी के कारण कारोबार प्रभावित हो रहा है और शाम के समय ही कुछ रौनक लौटती है। स्थानीय प्रशासन भी स्थिति पर नजर बनाए हुए है और लोगों को जागरूक करने के लिए विभिन्न माध्यमों से अपील कर रहा है। मौसम विभाग ने आने वाले दिनों में तापमान और बढ़ने की संभावना जताई है, जिससे लोगों को और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।