पति घर पर नहीं था... दोस्त ने घर में घुसकर किया दुष्कर्म, सारण में महिला के आरोप पर आरोपी गिरफ्तार
सारण के तरैया में एक महिला ने पति के दोस्त पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप लगाया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी तूफानी मियां को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।

दोस्त पर घर में घुसकर दुष्कर्म करने का आरोप
HighLights
महिला ने पति के दोस्त पर दुष्कर्म का आरोप लगाया।
पुलिस ने नामजद आरोपी तूफानी मियां को गिरफ्तार किया।
पीड़िता की मेडिकल जांच और बयान दर्ज कराया गया।
संवादसूत्र, तरैया (सारण)। थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार देर शाम एक महिला ने अपने पति के दोस्त पर घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म करने का आरोप लगाया। पीड़िता के बयान पर तरैया थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपित तूफानी मियां को गिरफ्तार कर लिया।
पति की गैरमौजूदगी में घर पहुंचा आरोपी
प्राथमिकी के अनुसार, महिला का पति काम के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। इसी दौरान आरोपित उसके घर पहुंचा और राजमिस्त्री के काम में इस्तेमाल होने वाले सामान की मांग की।
महिला ने सामान उपलब्ध नहीं होने की बात कही और खाना बनाने के लिए घर के अंदर चली गई।
महिला के पीछे घर में घुसने का आरोप
पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक उसके पीछे-पीछे घर में प्रवेश कर गया। इसके बाद उसने महिला को पकड़ लिया और उसका मुंह दबाकर जमीन पर गिरा दिया।
महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपित ने उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया और मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने केस दर्ज कर आरोपी को दबोचा
घटना की जानकारी मिलने के बाद महिला ने पुलिस को आवेदन दिया। तरैया थाना पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर नामजद आरोपित तूफानी मियां को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में छपरा भेज दिया है।
पीड़िता की मेडिकल जांच, कोर्ट में बयान की प्रक्रिया पूरी
थानाध्यक्ष सत्यम प्रताप ने बताया कि पीड़िता के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित को गिरफ्तार किया गया है।
पीड़िता की चिकित्सीय जांच कराई गई है। न्यायालय में उसका बयान दर्ज कराने की प्रक्रिया भी की गई है।
घटनास्थल पर पहुंची एफएसएल टीम, जुटाए गए साक्ष्य
मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और जांच-पड़ताल की। पुलिस मामले में उपलब्ध साक्ष्यों और पीड़िता के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई कर रही है। आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया और जांच के बाद ही होगी।
