तस्करों की स्मार्ट प्लानिंग पर हादसे ने फेरा पानी; सीक्रेट चेंबर से निकली शराब की खेप, मची पैकेट लूटने की होड़
छपरा-हाजीपुर फोरलेन पर एक पिकअप वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिससे उसमें बने गुप्त तहखाने से 60 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद हुई। हादसे के बाद लोग शराब लूट ...और पढ़ें

सड़क पर बिखरे शराब के टेट्रा पैक।
HighLights
पिकअप दुर्घटना में खुला शराब तस्करी का गुप्त राज।
वाहन के तहखाने से 60 लीटर अंग्रेजी शराब बरामद।
हादसे के बाद लोगों ने शराब पाउच लूटना शुरू किया।
संवाद सूत्र, दिघवारा (सारण)। छपरा-हाजीपुर फोरलेन पर शनिवार को एक अजीबोगरीब घटना ने लोगों को हैरान कर दिया।
थाना क्षेत्र के विजय ढाबा के समीप तेज रफ्तार एक पिकअप वाहन अचानक अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हो गया। हादसे के बाद जो नजारा सामने आया, उसे देखकर वहां मौजूद लोग दंग रह गए।
दरअसल, दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन के अंदर विशेष तहखाना बनाकर भारी मात्रा में अंग्रेजी शराब छिपाकर ले जाई जा रही थी।
वाहन का तहखाना हुआ क्षतिग्रस्त
टक्कर लगते ही वाहन का गुप्त हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें छिपाकर रखे शराब के पैकेट सड़क पर बिखरने लगे। देखते ही देखते मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, पहले तो लोगों को समझ ही नहीं आया कि वाहन से आखिर गिर क्या रहा है। लेकिन जैसे ही पता चला कि यह अंग्रेजी शराब है, वहां अफरा-तफरी मच गई।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही कई लोग शराब के पैकेट उठाकर वहां से निकल गए। कुछ लोग मोबाइल से वीडियो बनाने में जुट गए, जबकि कई लोग शराब समेटने की होड़ में लग गए।
सूचना मिलने पर दिघवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप वाहन को कब्जे में लेकर उसमें बची शराब जब्त कर ली।
60 लीटर शराब की गई जब्त
अपर थानाध्यक्ष भरत साह ने बताया कि बरामद शराब ‘ऑफिसर चॉइस’ ब्रांड के टेट्रा पैक में थी, जिसकी कुल मात्रा करीब 60 लीटर है।
पुलिस के पहुंचने से पहले ही चालक और तस्कर मौके से फरार हो गए। माना जा रहा है कि शराब की खेप को गुप्त तरीके से दूसरे जिले में पहुंचाया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस वाहन के नंबर और अन्य सुरागों के आधार पर तस्करों की तलाश में जुटी है। घटना के बाद इलाके में इस बात की चर्चा रही कि अगर हादसा नहीं होता, तो शायद किसी को भनक भी नहीं लगती कि पिकअप के अंदर शराब का पूरा ‘सीक्रेट चेंबर’ बना हुआ था।