बिहार बंद को लेकर सारण में हाई अलर्ट; छपरा जंक्शन से चौक-चौराहों तक पुलिस का कड़ा पहरा
सारण जिले में प्रश्नपत्र लीक और शिक्षा सुधार की मांग को लेकर छात्र संगठनों के बिहार बंद के मद्देनजर पुलिस पूरी तरह अलर्ट रही। शहर से लेकर ग्रामीण क्षे ...और पढ़ें

छपरा में बंद को लेकर तैनात पुलिस के जवान। जागरण
HighLights
प्रश्नपत्र लीक विरोध में बिहार बंद पर पुलिस अलर्ट।
सारण में सुरक्षा कड़ी, संवेदनशील स्थानों पर बल तैनात।
ड्रोन से निगरानी, इंटरनेट मीडिया पर भी पैनी नजर।
जागरण संवाददाता, छपरा। सारण जिले में प्रश्नपत्र लीक और शिक्षा सुधार की मांग को लेकर छात्र संगठनों एवं विभिन्न राजनीतिक दलों के आहूत बिहार बंद के मद्देनजर शनिवार को सारण पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में रही।
सुबह होते ही शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। संवेदनशील स्थानों, प्रमुख चौक-चौराहों, सरकारी कार्यालयों और सार्वजनिक प्रतिष्ठानों पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है।
स्टेशन और प्रमुख मार्गों पर विशेष चौकसी
छपरा जंक्शन, कचहरी स्टेशन तथा रेलवे ढालों पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। रेलवे सुरक्षा बल और जिला पुलिस की संयुक्त टीम यात्रियों की गतिविधियों पर नजर बनाए हुए है।
स्टेशन परिसर में आने-जाने वाले लोगों की जांच की जा रही है। पुलिस अधिकारियों को लगातार गश्त करने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
शहर में पूरी रात चलता रहा गश्ती अभियान
शुक्रवार रात से ही पुलिस ने शहर में फ्लैग मार्च और गश्ती अभियान तेज कर दिया था। दंगा नियंत्रण बल, क्विक रिस्पांस टीम (क्यूआरटी) और अतिरिक्त पुलिस बल को रणनीतिक स्थानों पर तैनात किया गया है।
प्रमुख बाजारों, बस स्टैंड, सरकारी कार्यालयों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। वहीं गली-मोहल्लों में बाइक सवार पुलिसकर्मी लगातार भ्रमण कर रहे हैं।
ड्रोन और कैमरों से हर गतिविधि पर नजर
बंद के दौरान होने वाले धरना-प्रदर्शन, जुलूस और अन्य गतिविधियों की वीडियोग्राफी एवं फोटोग्राफी की भी व्यवस्था की गई है।
इसके साथ ही ड्रोन कैमरों की मदद से संवेदनशील क्षेत्रों और भीड़भाड़ वाले स्थानों की लगातार निगरानी की जा रही है। पुलिस मुख्यालय से भी पूरे घटनाक्रम की पल-पल की रिपोर्ट ली जा रही है।
इंटरनेट मीडिया पर भी पुलिस की पैनी नजर
साइबर टीम को इंटरनेट मीडिया पर विशेष निगरानी का जिम्मा सौंपा गया है। अफवाह, भ्रामक पोस्ट या माहौल बिगाड़ने वाली किसी भी सामग्री पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
वरीय पुलिस अधीक्षक विनीत कुमार ने छात्रों और अभिभावकों से शांतिपूर्ण एवं लोकतांत्रिक तरीके से अपनी बात रखने की अपील की है।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि इंटरनेट मीडिया के माध्यम से लोगों को भड़काने, अफवाह फैलाने या कानून-व्यवस्था प्रभावित करने की कोशिश करने वालों की पहचान कर उनके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस प्रशासन ने आम लोगों से भी किसी प्रकार की अफवाह पर ध्यान नहीं देने और किसी भी संदिग्ध सूचना की तत्काल पुलिस के कंट्रोल रूम नंबर- 9031036406 पर देने की अपील की है।