धू-धू कर जल रही थी बिहार पुलिस की गाड़ी... अंदर बंद था कैदी, फिर ASI ने जो किया, जानकर रह जाएंगे हैरान
छपरा के नगरपालिका चौक पर प्रदर्शनकारियों ने तरैया थाना की पुलिस गाड़ी को आग के हवाले कर दिया, जिसमें एक बंदी को पेशी के लिए ले जाया जा रहा था। ...और पढ़ें

पुलिसकर्मी और बंदी घायल
HighLights
छपरा में प्रदर्शनकारियों ने पुलिस वाहन को आग लगाई।
एएसआई ने जलती गाड़ी से कैदी को सुरक्षित निकाला।
पुलिसकर्मी और कैदी घायल हुए, उपद्रवियों की तलाश जारी।
संवादसूत्र, तरैया (सारण)। छपरा शहर के नगरपालिका चौक पर शनिवार को उग्र प्रदर्शन के दौरान प्रदर्शनकारियों ने तरैया थाना की पुलिस गाड़ी को निशाना बनाकर आग के हवाले कर दिया। जिस समय घटना हुई, उस वक्त पुलिस टीम एक बंदी को न्यायालय में पेशी के लिए लेकर जा रही थी।
पथराव और आगजनी के बीच पुलिस टीम ने सूझबूझ का परिचय देते हुए बंदी को सुरक्षित बाहर निकाला। घटना में पुलिसकर्मियों और बंदी के घायल होने की सूचना है।
पहले बरसाए ईंट-पत्थर, फिर लाठी-डंडों से तोड़ी गाड़ी
जानकारी के अनुसार, तरैया थाना की पुलिस गाड़ी जैसे ही नगरपालिका चौक के समीप पहुंची, प्रदर्शनकारियों ने उस पर ईंट-पत्थर बरसाना शुरू कर दिया।
अचानक हुए हमले से पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। इसके बाद प्रदर्शनकारियों ने लाठी-डंडों से वाहन में जमकर तोड़फोड़ की और देखते ही देखते उसमें आग लगा दी। कुछ ही देर में पुलिस गाड़ी धू-धू कर जलने लगी।
आग के बीच ASI ने बंदी को निकाला, पहुंचाया न्यायालय
घटना के समय वाहन में चालक, एएसआइ दिनेश कुमार यादव, दो अन्य पुलिसकर्मी और एक बंदी सवार थे। हालात बिगड़ने के बावजूद एएसआइ दिनेश कुमार यादव ने साहस और सूझबूझ का परिचय दिया।
उन्होंने अपनी जान की परवाह किए बिना पहले बंदी को सुरक्षित वाहन से बाहर निकाला। इसके बाद उसे सुरक्षित न्यायालय में पेश किया गया। पुलिस टीम की तत्परता से बंदी किसी बड़ी अनहोनी का शिकार होने से बच गया।
पुलिसकर्मी और बंदी घायल, चौक पर मची अफरा-तफरी
पथराव और आगजनी की इस घटना में पुलिसकर्मियों के साथ बंदी के भी घायल होने की सूचना है। घटना के बाद नगरपालिका चौक पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
खबरें और भी
आगजनी की सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उपद्रवियों की पहचान में जुटी पुलिस
घटना के बाद पुलिस ने उपद्रव में शामिल लोगों की पहचान शुरू कर दी है। पुलिस आसपास के इलाके में उपलब्ध साक्ष्यों और अन्य माध्यमों से हमलावरों की पहचान करने में जुटी है।
अधिकारियों का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। पुलिस टीम की तत्परता और सूझबूझ के कारण बंदी को सुरक्षित न्यायालय पहुंचाया जा सका।