पोते की बारात से पहले दादा की सड़क हादसे में मौत, शादी की खुशियां मातम में बदलीं
मढ़ौरा (सारण) में पोते की शादी से ठीक पहले एक दर्दनाक सड़क हादसे में 89 वर्षीय पुजारी नन्हे राय की मौत हो गई। गौरा हनुमान मंदिर के पास एक तेज रफ्तार ई ...और पढ़ें

पोते की बारात से पहले दादा की सड़क हादसे में मौत
संवादसूत्र, मढ़ौरा (सारण)। पोते की बारात निकलने से ठीक पहले हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। सोमवार की रात मशरक–छपरा मुख्य मार्ग पर गौरा हनुमान मंदिर के समीप 89 वर्षीय पुजारी नन्हे राय की ई-रिक्शा की टक्कर से मौत हो गई। घर में पोते गुड्डू कुमार की शादी की तैयारियां चल रही थीं। हल्दी-कलश की रस्म के दौरान परिवार में उत्सव का माहौल था। इसी बीच दादा की मौत की खबर पहुंचते ही चीख-पुकार मच गई।
मंदिर के पास खड़े थे, तभी मारी टक्कर
बताया जाता है कि नन्हे राय मंदिर के समीप सड़क किनारे खड़े थे। उसी दौरान तेज रफ्तार और अनियंत्रित ई-रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि वे गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़े। उनके सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आईं। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
सदर अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित
प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए उन्हें छपरा सदर अस्पताल रेफर किया गया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। मंगलवार सुबह उनका पोस्टमार्टम कराया गया।
जिस घर से मंगलवार को पोते की बारात निकलनी थी, वहां सन्नाटा पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
धार्मिक प्रवृत्ति के लिए थे सम्मानित
नन्हे राय ने अपने घर के पास हनुमान मंदिर का निर्माण कराया था। वे नियमित रूप से पूजा-अर्चना करते थे और क्षेत्र में सम्मानित थे। उनका स्वभाव बेहद सरल और मिलनसार था।
हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने वाहन को जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
गौरा थानाध्यक्ष कुमारी सिमरन ने बताया कि पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। मामले में कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गांव में शोक और स्तब्धता का माहौल है।
दादा के साये में पले पोते की शादी अब गम के साये में पहुंच गई है।खुशियों के बीच आई इस त्रासदी ने पूरे इलाके को गमगीन कर दिया है।