Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सारण में एक घंटे तक तांडव: पथराव, मारपीट और फायरिंग से मची अफरातफरी, पिलर गाड़ने पर भड़का व‍िवाद

    Updated: Wed, 03 Jun 2026 11:43 AM (IST)

    सारण के दिघवारा में रास्ते के पुराने विवाद को लेकर दो पक्षों में हिंसक झड़प हुई, जिसमें पथराव, मारपीट और फायरिंग हुई। इस घटना में कई लोग घायल हुए, वाह ...और पढ़ें

    विवाद में क्षत‍िग्रस्‍त बाइक और अन्‍य सामान। जागरण

    विवाद में क्षत‍िग्रस्‍त बाइक और अन्‍य सामान। जागरण

    HighLights

    1. रास्ते के पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप।

    2. पथराव, मारपीट और फायरिंग में कई लोग घायल।

    3. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला।

    संवाद सूत्र, दि‍घवारा(सारण)। दिघवारा थाना क्षेत्र के सैदपुर-दिघवारा गांव में बुधवार की सुबह रास्ते के पुराने विवाद ने अचानक हिंसक रूप ले लिया।

    दो पक्षों के बीच शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते पथराव, मारपीट और फायरिंग में बदल गया, जिससे पूरा इलाका रणक्षेत्र में तब्दील हो गया।

    करीब एक घंटे तक चले बवाल में आधा दर्जन लोग घायल हो गए, जबकि एक दर्जन से अधिक मोटरसाइकिल और अन्य वाहनों को क्षतिग्रस्त कर दिया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के दौरान कुछ पुलिसकर्मियों को भी चोटें आई हैं।

    पुराना विवाद बना हिंसा की वजह

    स्थानीय लोगों के अनुसार सैदपुर-दिघवारा से अनंत मिर्जापुर गांव जाने वाले रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच लंबे समय से विवाद चला आ रहा था।

    बताया जाता है कि विवादित भूमि के समीप एक चाय दुकान और रास्ते के उपयोग को लेकर पहले भी कई बार तनाव की स्थिति उत्पन्न हो चुकी थी।

    बुधवार की सुबह एक पक्ष द्वारा विवादित रास्ते पर पिलर गाड़ने का कार्य शुरू किया गया। इसकी सूचना मिलते ही दूसरे पक्ष के लोग बड़ी संख्या में मौके पर पहुंच गए।

    Saran 1

    देखते ही देखते शुरू हो गया पथराव

    प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो जल्द ही उग्र हो गई। कुछ ही देर में दोनों ओर से जमकर पथराव शुरू हो गया।

    हालात इतने बिगड़ गए कि कई राउंड फायरिंग होने की भी सूचना है। पथराव और भगदड़ के दौरान कई लोग घायल हो गए। ग्रामीणों में अफरातफरी मच गई और आसपास के लोग अपने घरों में दुबकने को मजबूर हो गए। 

    वाहनों में तोड़फोड़, एनएच पर थमा यातायात

    हिंसक झड़प के दौरान उपद्रवियों ने सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिलों और अन्य वाहनों को निशाना बनाया। एक दर्जन से अधिक वाहनों में तोड़फोड़ की गई।

    घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने छपरा-हाजीपुर एनएच-19 पर जमावड़ा लगा दिया, जिससे करीब एक घंटे तक यातायात बाधित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।

    Saran 3

    पुलिस छावनी में तब्दील हुआ इलाका

    घटना की सूचना मिलते ही दिघवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन तनाव की गंभीरता को देखते हुए जिले के कई थानों से अतिरिक्त पुलिस बल बुलाया गया।

    इसके बाद प्रशासन ने इलाके में फ्लैग मार्च कर स्थिति को नियंत्रित किया। वर्तमान में घटनास्थल पुलिस छावनी में तब्दील है और गांव में लगातार पुलिस कैंप कर रही है।

    पुलिस व प्रशासनिक अधिकारी कर रहे निगरानी

    स्थिति पर नजर रखने के लिए प्रशासनिक और पुलिस अधिकारियों ने मौके पर डेरा डाल रखा है। सोनपुर अनुमंडल की एसडीओ स्निग्धा नेहा, पुलिस अधिकारियों तथा दिघवारा, दरियापुर, डेरनी और नयागांव थाना की पुलिस टीमों के साथ बड़ी संख्या में जवान तैनात हैं।

    प्रशासन द्वारा दोनों पक्षों से बातचीत कर शांति बहाल करने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है तथा हिंसा में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है।

    खबरें और भी