सावन की पहली सुबह शिवमय हुआ सारण, शिवालयों में उमड़ी आस्था की भीड़
सारण जिले में सावन के पहले दिन शिवालयों में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, 'हर-हर महादेव' के जयघोष से मंदिर गूंज उठे। श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर परिव ...और पढ़ें

सावन की पहली सुबह शिवमय हुआ सारण, शिवालयों में उमड़ी आस्था की भीड़
HighLights
सावन के पहले दिन सारण के शिवालयों में भारी भीड़।
श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
पहली सोमवारी के लिए प्रशासन ने की व्यापक तैयारी।
जागरण टीम, छपरा। सावन माह के प्रथम दिन गुरुवार को पूरे सारण जिले में श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत वातावरण देखने को मिला। तड़के से ही जिले के प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। 'ॐ नमः शिवाय', 'हर-हर महादेव' और 'बम-बम भोले' के जयघोष से मंदिर परिसर दिनभर गूंजते रहे।
श्रद्धालुओं ने भगवान शिव का जलाभिषेक कर परिवार की सुख-समृद्धि, उत्तम स्वास्थ्य और मनोकामनाओं की पूर्ति की प्रार्थना की।
छपरा शहर के धर्मनाथ मंदिर, दहियांवा टोला स्थित शिव-संकट मोचन मंदिर, प्रभुनाथ नगर के शिवशक्ति मंदिर, सोनपुर के बाबा हरिहरनाथ मंदिर, लहलादपुर के बाबा ढ़ोढ़नाथ मंदिर, मढ़ौरा के सिल्हौरी शिव मंदिर, आमी स्थित शिव मंदिर समेत जिले के विभिन्न शिवालयों में दिनभर श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा।
मंदिरों में पूजन-अर्चना के साथ रुद्राभिषेक और विशेष आरती का आयोजन भी किया गया। महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों की बड़ी संख्या ने भगवान भोलेनाथ की आराधना की।
वहीं, मांझी प्रखंड के शिवालयों में भी सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो गई। श्रद्धालु सरयू नदी से पवित्र जल लेकर विभिन्न मंदिरों में पहुंचे और पूरे विधि-विधान के साथ भगवान शिव का अभिषेक किया।
गोबरहीं स्थित शिवशक्ति धाम, बरवा के सुखारीनाथ मंदिर, दुमदुमा के मनोकामनाथ मंदिर, दाउदपुर के मुनेश्वरनाथ मंदिर तथा भरवलिया के तारकेश्वरनाथ मंदिर में पूरे दिन भक्तों की भीड़ लगी रही।
इनमें गोबरहीं स्थित शिवशक्ति धाम में सबसे अधिक श्रद्धालु पहुंचे। यहां पुलिस बल और स्वयंसेवकों ने श्रद्धालुओं को कतारबद्ध कर शांतिपूर्ण ढंग से जलाभिषेक कराया।
सावन मेले को लेकर शिवशक्ति धाम मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए व्यापक साफ-सफाई, पेयजल, पूजन सामग्री की दुकानों तथा अस्थायी स्टॉलों की व्यवस्था की गई है। इस वर्ष मेले का प्रमुख आकर्षण 'भूत बंगला' रहेगा, जिसकी तैयारी पूरी कर ली गई है।
खबरें और भी
संचालक सूरज कुमार ने बताया कि 30 जुलाई से चलने वाले इस आकर्षण में श्रद्धालुओं और दर्शकों के मनोरंजन की विशेष व्यवस्था की गई है। मंदिर के संरक्षक अजय कुमार सिंह एवं विजय सिंह ने बताया कि इस बार श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।
इधर, तीन अगस्त को पड़ने वाली पहली सोमवारी को लेकर जिला प्रशासन भी पूरी तरह सतर्क है। प्रमुख शिवालयों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती, बैरिकेडिंग, भीड़ नियंत्रण, यातायात व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं की तैयारी पूरी कर ली गई है।
प्रशासन का उद्देश्य है कि श्रद्धालु सुरक्षित और सुगमता से भगवान भोलेनाथ का जलाभिषेक कर सकें। उम्मीद है कि पहली सोमवारी पर जिले के सभी प्रमुख शिवालयों में श्रद्धालुओं की संख्या कई गुना बढ़ेगी।