विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सारण शिक्षक MLC चुनाव: 98 केंद्रों पर 10748 शिक्षक करेंगे मतदान; मैदान में 18 उम्मीदवार

Published: Thu, 22 Oct 2026 03:16 PM (IST)

सारण शिक्षक एमएलसी उपचुनाव के लिए 23 अक्टूबर को पांच जिलों के 98 केंद्रों पर मतदान होगा, जिसमें 10,748 शिक्षक मतदाता अपने प्रतिनिधि का चुनाव करेंगे।

सारण शिक्षक MLC चुनाव आज, 98 केंद्रों पर 10748 शिक्षक करेंगे मतदान (AI Generated Image)

सारण शिक्षक MLC चुनाव आज, 98 केंद्रों पर 10748 शिक्षक करेंगे मतदान (AI Generated Image)

HighLights

  1. 23 अक्टूबर को सारण शिक्षक एमएलसी उपचुनाव के लिए मतदान।

  2. पांच जिलों के 98 मतदान केंद्रों पर 10,748 शिक्षक करेंगे वोट।

  3. सुरक्षा के व्यापक इंतजाम, 27 अक्टूबर को होगी मतगणना।

जागरण संवाददाता, छपरा। सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के एमएलसी उपचुनाव के लिए शुक्रवार, 23 अक्टूबर को पांच जिलों के 98 मतदान केंद्रों पर वोट डाले जाएंगे। इस चुनाव में कुल 10,748 शिक्षक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर विधान परिषद में अपना प्रतिनिधि चुनेंगे।

चुनाव को लेकर प्रशासन ने सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के व्यापक इंतजाम किए हैं। सारण जिले में मतदाताओं की संख्या सर्वाधिक होने के कारण यहां की भूमिका महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

चुनाव मैदान में डटे 18 प्रत्याशियों की किस्मत शुक्रवार को मतपेटिकाओं में बंद हो जाएगी। मतगणना 27 अक्टूबर को होगी, जिसके बाद चुनाव परिणाम सामने आएगा।

सुबह आठ बजे से शाम चार बजे तक मतदान

निर्वाचन प्रक्रिया को स्वच्छ, निष्पक्ष, शांतिपूर्ण और भयमुक्त वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने मतदान दलों, पीठासीन पदाधिकारियों, दंडाधिकारियों और पुलिस पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए हैं।

मतदान केंद्रों पर सुबह सात बजे तक सभी तैयारियां पूरी करने का निर्देश दिया गया है। मतदान सुबह आठ बजे शुरू होगा और शाम चार बजे तक चलेगा।

200 मीटर के दायरे में बूथ लगाने पर रोक

मतदान केंद्रों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था सख्त रहेगी। केंद्र से 200 मीटर की परिधि में राजनीतिक दलों और प्रत्याशियों को बूथ लगाने की अनुमति नहीं होगी।

इस दायरे में कोई बूथ मिलने पर उसे तत्काल हटाने और नियमानुसार कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है। निर्धारित दूरी के बाहर भी बूथ संचालन के लिए निर्वाचन आयोग के नियमों का पालन करना होगा।

मतदान की गोपनीयता बनाए रखने के लिए वीडियोग्राफी के दौरान विशेष सतर्कता बरतने, अनधिकृत मोबाइल फोन पर रोक लगाने और मतदाताओं की पहचान का सत्यापन निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार करने को कहा गया है।

पहचान से जुड़े किसी विवाद में निर्णय लेने का अधिकार पीठासीन पदाधिकारी के पास रहेगा। मतदान केंद्रों पर केवल वैध प्राधिकार-पत्र वाले मीडिया कर्मियों को नियमानुसार कवरेज की अनुमति होगी।

मतपेटिकाओं को सुरक्षित पहुंचाने का निर्देश

मतदान समाप्त होने के बाद सभी मतदान दल मतपेटिकाओं और संबंधित दस्तावेजों को सुरक्षित तरीके से निर्धारित प्राप्ति केंद्र राजकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय, छपरा में जमा कराएंगे।

रास्ते में अनावश्यक ठहराव नहीं करने तथा मतपेटिकाओं को जमा कराने के दौरान सुरक्षा निर्देशों का पालन करने पर विशेष जोर दिया गया है।

जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन अधिकारी वैभव श्रीवास्तव ने सभी मतदान कर्मियों और सुरक्षा बलों से निष्पक्षता, अनुशासन और आपसी समन्वय के साथ जिम्मेदारी निभाने की अपील की है।

मतदान के दौरान किसी समस्या की स्थिति में संबंधित दंडाधिकारी या वरीय पदाधिकारी से तत्काल संपर्क करने का निर्देश दिया गया है। जिला नियंत्रण कक्ष का दूरभाष नंबर 06152-242444 जारी किया गया है।

सियासी समीकरण

सारण शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में एनडीए की तरफ से पूर्व विधान पार्षद दिवंगत केदारनाथ पांडे के पुत्र आनंद पुष्कर प्रत्याशी हैं। वहीं, जन सुराज से डॉ. अफाक अहमद प्रत्याशी हैं। फिलहाल, अफाक अहमद विधान पार्षद भी हैं। पिछली बार हुए उपचुनाव में वे विजय हुए थे।

वहीं, राजद की तरफ से प्रो. जयराम यादव प्रत्याशी हैं। इस त्रिकोणीय संघर्ष में निर्दलीय प्रत्याशी डॉक्टर राहुल राज एक नया कोण बना रहे हैं।

डॉ. राहुल राज भाजपा के राज्य स्तर पर पदाधिकारी भी थे, लेकिन निर्दलीय चुनाव लड़ने पर पार्टी ने उनको 6 साल के लिए निष्कासित कर दिया है। बता दें कि इस बार के चुनाव में कुल 18 प्रत्याशी मैदान में हैं।

यह भी पढ़ें- बिहार विधान परिषद चुनाव में प्रचार थमा, अब बूथ प्रबंधन में जुटे प्रत्याशी; 8 सीटों के लिए 23 को वोटिंग

यह भी पढ़ें- 'कौन हैं प्रशांत किशोर? वही जो चुनाव में हार गए', रामकृपाल यादव का तंज; MLC चुनाव पर भी भव‍िष्‍णवाणी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।