न रास्ते में ब्रेक, न क्रू बदलने का झंझट: सोनपुर मंडल ने एक दिन में 33 क्रैक मालगाड़ियां दौड़ाकर रचा इतिहास
पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल ने 5 नवंबर को एक दिन में 33 क्रैक मालगाड़ियों का सफल परिचालन कर नया कीर्तिमान स्थापित किया है।

एआई द्वारा जेनरेट इमेज। (जागरण)
HighLights
सोनपुर मंडल ने एक दिन में 33 क्रैक मालगाड़ियों का परिचालन किया।
चालक दल बदलने हेतु बीच रास्ते में ट्रेन नहीं रुकी, समय बचा।
कटिहार-छपरा-कटिहार रेलखंड ने इस उपलब्धि में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
संवाद सूत्र, नयागांव सारण। पूर्व मध्य रेल के सोनपुर मंडल ने मालगाड़ियों के परिचालन में नया कीर्तिमान स्थापित किया है।
मंडल ने पांच नवंबर को एक ही दिन में 33 क्रैक मालगाड़ियों का सफल परिचालन कर अब तक का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया। इसके साथ ही 189 मालगाड़ियों का इंटरचेंज कर चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 में भी बड़ी उपलब्धि हासिल की।
इस उपलब्धि में कटिहार-छपरा-कटिहार रेलखंड की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस मार्ग पर निर्धारित सभी 15 मालगाड़ियों को क्रैक ट्रेन के रूप में चलाया गया।
बीच रास्ते में नहीं रोकना पड़ा ट्रेन
खास बात यह रही कि किसी भी ट्रेन को बीच रास्ते में चालक दल (क्रू) बदलने के लिए नहीं रोकना पड़ा। इससे परिचालन समय की बचत हुई और रेल पथ तथा मानव संसाधनों का बेहतर उपयोग संभव हुआ।
क्रैक ट्रेन व्यवस्था के तहत मालगाड़ियों को निर्धारित क्रू बदलाव स्टेशनों पर रोके बिना अगले निर्धारित स्टेशन तक चलाया जाता है। इससे अनावश्यक ठहराव कम होने के साथ माल ढुलाई की क्षमता भी बढ़ती है।
यह उपलब्धि महाप्रबंधक डिम्पी गर्ग के नेतृत्व, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधक इंदु रानी दुबे के मार्गदर्शन तथा मंडल रेल प्रबंधक अमित सरन के निर्देशन में हासिल हुई।
इसमें वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रौशन कुमार और वरिष्ठ मंडल विद्युत अभियंता अभिजात कुमार सहित परिचालन एवं विद्युत विभाग की टीम का योगदान रहा।
बेहतर समन्वय और कार्यकुशलता के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को पुरस्कृत करने की अनुशंसा की गई है।
यह भी पढ़ें- आरा जंक्शन पर रुकेगी नांदेड़-पटना पूजा स्पेशल ट्रेन, भोजपुर समेत आसपास के रेल यात्रियों को राहत