विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

सोनपुर मेला 2026 में दिखेगा खेलों का रोमांच, बिहार के 9 प्रमंडलों की टीमें 15 विधाओं में दिखाएंगी दमखम

Published: Wed, 23 Sep 2026 05:35 PM (IST)

विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेले में इस बार जिला एवं प्रमंडल स्तरीय वार्षिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन होगा। इसमें बिहार के ...और पढ़ें

सोनपुर मेला 2026 में दिखेगा खेलों का रोमांच (एआई जेनरेटेज तस्वीर)

सोनपुर मेला 2026 में दिखेगा खेलों का रोमांच (एआई जेनरेटेज तस्वीर)

HighLights

  1. सोनपुर मेले में होंगी जिला एवं प्रमंडल स्तरीय खेल प्रतियोगिताएं।

  2. बिहार के सभी नौ प्रमंडलों की टीमें लेंगी हिस्सा।

  3. कुल 15 खेल विधाओं में खिलाड़ी दिखाएंगे अपना दमखम।

जागरण संवाददाता, छपरा। विश्व प्रसिद्ध सोनपुर मेले में इस बार खेल प्रतियोगिताओं का भी रंग देखने को मिलेगा। मेले के दौरान जिला एवं प्रमंडल स्तरीय वार्षिक खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसकी तैयारी को लेकर बुधवार को बैठक हुई। 

डीएम वैभव श्रीवास्तव के निर्देश पर डीडीसी लक्ष्मण तिवारी की अध्यक्षता में हुई बैठक में जिला जनसंपर्क पदाधिकारी, जिला खेल पदाधिकारी सहित विभिन्न खेल संघों के प्रतिनिधि शामिल हुए। बैठक में खेलवार आयोजन की रूपरेखा, अवधि और तैयारियों पर चर्चा की गई।

15 खेल विधाओं में खिलाड़ी दिखाएंगे दमखम

बैठक में 15 खेल विधाओं को प्रतियोगिता में शामिल करने पर सहमति बनी। इनमें कबड्डी, खो-खो, हैंडबाल, घुड़दौड़, पैरा एथलेटिक्स, वालीबाल, फुटबाल, नौका दौड़, क्रिकेट, टग आफ वार, शतरंज, कुश्ती-दंगल, भारोत्तोलन और योगासन-योग क्रिया सहित अन्य खेल शामिल हैं। 

प्रतियोगिताओं की अवधि खेल के स्वरूप के अनुसार निर्धारित की जाएगी। क्रिकेट छह दिनों तक चलेगा, जबकि फुटबाल प्रतियोगिता चार दिन आयोजित होगी। कबड्डी, खो-खो, हैंडबाल, वालीबाल और कुश्ती-दंगल के लिए दो-दो दिन निर्धारित किए गए हैं। नौका दौड़, शतरंज और योगासन-योग क्रिया की प्रतियोगिताएं एक-एक दिन होंगी। टग आफ वार के लिए दो घंटे का समय रखा गया है।

सभी नौ प्रमंडलों की टीमें होंगी शामिल

प्रतियोगिता में बिहार के सभी नौ प्रमंडलों की टीमें हिस्सा लेंगी। बैठक में खिलाड़ियों को प्रतिस्पर्धा का बेहतर मंच उपलब्ध कराने और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों के अनुसार, खेल प्रतियोगिताओं से सोनपुर मेले की गतिविधियों में विविधता आएगी।

डीडीसी ने संबंधित अधिकारियों और खेल संघों को आपसी समन्वय से खेलवार तिथियां जल्द निर्धारित करने का निर्देश दिया। जिला खेल पदाधिकारी को संघों के साथ समन्वय कर प्रतियोगिताओं के स्थल, तिथि, खिलाड़ियों की भागीदारी और अन्य व्यवस्थाओं को समयबद्ध पूरा कराने की जिम्मेदारी दी गई। आयोजन के सफल संचालन के लिए संबंधित विभागों की भूमिका भी तय करने पर चर्चा हुई।

यह भी पढ़ें- छपरा की दीवारों पर दिखेगा स्वच्छता का संदेश, 48 हजार वर्गफीट में होगी वॉल पेंटिंग