मढ़ौरा स्टेशन पर ताप्ती गंगा एक्सप्रेस का ठहराव कब? ग्रामीणों का आंदोलन तेज, रेल मंत्री को सौंपा ज्ञापन
मढ़ौरा स्टेशन पर ताप्ती गंगा एक्सप्रेस के ठहराव की कमी से स्थानीय लोग नाराज हैं और उन्हें काफी दिक्कतें हो रही हैं। समाजसेवी विष्णु गुप्ता के नेतृत्व ...और पढ़ें

ताप्ती गंगा एक्सप्रेस
HighLights
मढ़ौरा स्टेशन पर ताप्ती गंगा एक्सप्रेस के ठहराव की मांग।
समाजसेवी विष्णु गुप्ता के नेतृत्व में ग्रामीणों ने ज्ञापन सौंपा।
रेल मंत्री सहित अधिकारियों से जल्द समाधान की अपील।
संवाद सूत्र, मढ़ौरा (सारण)। स्थानीय रेलवे स्टेशन पर लंबी दूरी की ट्रेनों के ठहराव की कमी को लेकर क्षेत्रीय लोगों में नाराजगी लगातार बढ़ती जा रही है। यात्रियों को रोजाना आने-जाने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। खासकर दूर-दराज के सफर के लिए लोगों को अन्य बड़े स्टेशनों का सहारा लेना पड़ता है।
ताप्ती गंगा एक्सप्रेस के ठहराव की मांग
इसी समस्या को देखते हुए समाजसेवी विष्णु गुप्ता के नेतृत्व में दर्जनों ग्रामीणों ने ताप्ती गंगा एक्सप्रेस के मढ़ौरा स्टेशन पर ठहराव की मांग उठाई है।
इस संबंध में रेल मंत्री समेत संबंधित अधिकारियों को आवेदन भेजा गया है, जिसमें यात्रियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया है।
मजदूरों को सबसे ज्यादा दिक्कत
आवेदन में बताया गया है कि मढ़ौरा, अमनौर, इसुआपुर और आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग रोजाना यात्रा करते हैं। इनमें अधिकतर मजदूर वर्ग के लोग हैं, जो रोजगार के लिए गुजरात और मध्य प्रदेश जैसे राज्यों में जाते हैं।
ट्रेन का ठहराव नहीं होने से उन्हें काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है।
औद्योगिक क्षेत्र होने के बावजूद उपेक्षा
विष्णु गुप्ता ने कहा कि मढ़ौरा एक महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र है, जहां चीनी मिल और डीजल इंजन फैक्ट्री जैसी बड़ी इकाइयां मौजूद हैं।
इसके अलावा यह अनुमंडल मुख्यालय भी है, जहां सभी जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं। बावजूद इसके यहां प्रमुख ट्रेनों का ठहराव नहीं होना क्षेत्र की उपेक्षा को दर्शाता है।
हस्ताक्षर अभियान चलाकर भेजा आवेदन
ग्रामीणों ने इस मांग को लेकर व्यापक स्तर पर हस्ताक्षर अभियान चलाया। सौ से अधिक लोगों के हस्ताक्षर के साथ तैयार आवेदन रेल मंत्री, वाराणसी मंडल के डीआरएम, स्थानीय विधायक और जिलाधिकारी को भेजा गया है।
इसमें जल्द से जल्द निर्णय लेने की मांग की गई है।
जल्द समाधान की उम्मीद जताई
ग्रामीणों ने उम्मीद जताई है कि जनहित को देखते हुए संबंधित विभाग इस मांग पर गंभीरता से विचार करेगा और ताप्ती गंगा एक्सप्रेस का ठहराव मढ़ौरा स्टेशन पर सुनिश्चित किया जाएगा।
इससे हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकेगी और क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी।