विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नेपाल बाढ़ में फंसे बिहारियों की सुरक्षित वापसी का वादा, मंत्री ने शिवहर में की बाढ़ तैयारियों की समीक्षा

Published: Sat, 29 Aug 2026 03:46 PM (IST)

Nepal Flood Bihar People: आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने नेपाल बाढ़ में फंसे बिहार के नागरिकों की सुरक्षित वापसी ...और पढ़ें

शिवहर में बागमती नदी के घाटों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से जानकारी लेते आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा। फोटो सौ. जागरण

शिवहर में बागमती नदी के घाटों के निरीक्षण के दौरान अधिकारियों से जानकारी लेते आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा। फोटो सौ. जागरण

जागरण संवाददाता, शिवहर। Disaster Management Minister Ratnesh Sada: नेपाल में मची बाढ़ की त्रासदी के बीच बिहार सरकार वहां फंसे राज्य के नागरिकों की सुरक्षा को लेकर पूरी तरह सतर्क है।

शिवहर पहुंचे बिहार के आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने बताया कि नेपाल में लापता व फंसे लोगों पर सरकार की निरंतर नजर बनी हुई है। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस संबंध में नेपाल सरकार से लगातार बातचीत चल रही है और सभी को जल्द सुरक्षित वापस लाया जाएगा।

नेपाल में राहत प्रयास

मंत्री ने कहा कि जो लोग बाढ़ में डूबे या लापता हैं उनकी तलाश तेजी से की जा रही है। इसके साथ ही सुरक्षित बचाए गए लोगों को राहत शिविरों और सुरक्षित स्थानों पर ठहराया गया है।

शनिवार सुबह शिवहर पहुंचे आपदा प्रबंधन मंत्री ने बागमती नदी के तटबंधों व संवेदनशील स्थलों का व्यापक निरीक्षण किया।

तटबंधों का स्थलीय निरीक्षण

मंत्री ने बेलवा डैम, पिपराही पुल, मोहारी घाट और डुब्बाघाट पहुंचकर जलस्तर तथा भौगोलिक स्थितियों को खुद परखा। उन्होंने पैदल चलकर नदी तटबंधों की मजबूती की जांच की और मौके पर मौजूद प्रशासनिक अधिकारियों से तैयारियों की रिपोर्ट ली। इस दौरान एडीएम, एसडीएम, आपदा प्रबंधन पदाधिकारी, बीडीओ, सीओ और बागमती प्रमंडल के अभियंता मौजूद रहे।

अधिकारियों को कड़े निर्देश

अधिकारियों ने मंत्री को बागमती नदी के वर्तमान जलस्तर, संभावित खतरे तथा बाढ़ से निपटने की पूर्व तैयारियों से अवगत कराया।

मंत्री ने सभी संबंधित अधिकारियों को चौबीसों घंटे सतर्क रहने और संवेदनशील क्षेत्रों की सतत निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू करने की पूरी व्यवस्था रखी जाए।

लापरवाही पर सख्त चेतावनी

आपदा प्रबंधन मंत्री रत्नेश सदा ने दो टूक कहा कि आपदा के समय प्रशासन की तत्परता और आपसी समन्वय सबसे महत्वपूर्ण होता है।

उन्होंने साफ चेतावनी दी कि सुरक्षा एवं राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की देरी या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। निरीक्षण के दौरान मंत्री ने बेलवा डैम से लिंक चैनल में पानी के प्रवाह की स्थिति को भी देखा।

क्षतिग्रस्त ढांचों का जायजा

इसके अलावा पिपराही पुल और डुब्बाघाट पर नदी के बहाव तथा जलस्तर का विस्तृत आकलन किया गया। मंत्री ने नदी के कटान की भेंट चढ़कर ध्वस्त हुए शवदाह गृह के संबंध में सहायक आपदा प्रबंधन पदाधिकारी से जानकारी ली। उन्होंने संभावित बाढ़ की चुनौतियों से निपटने और आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाने को कहा।