Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शिवहर में निगरानी टीम ने कृषि विभाग के प्रधान लिपिक को रिश्वत लेते पकड़ा

    By Neeraj Kumar Edited By: Dharmendra Singh
    Updated: Wed, 13 May 2026 10:27 PM (GMT+05:30)

    पटना की निगरानी टीम ने शिवहर जिला कृषि कार्यालय के प्रधान लिपिक विजेंद्र कुमार को 8 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार किया। यह गिरफ्तारी खाद-बीज ...और पढ़ें

    शिवहर में निगरानी टीम की गिरफ्त में प्रधान लिपिक। फोटो- निगरानी टीम।

    शिवहर में निगरानी टीम की गिरफ्त में प्रधान लिपिक। फोटो- निगरानी टीम।

    HighLights

    1. शिवहर कृषि कार्यालय के प्रधान लिपिक विजेंद्र कुमार गिरफ्तार।

    2. खाद-बीज लाइसेंस के लिए 8 हजार रिश्वत लेते पकड़े गए।

    3. पटना की निगरानी टीम ने रंगेहाथ कार्रवाई की।

    जागरण संवाददाता, शिवहर । पटना से आई निगरानी की टीम ने बुधवार की देर शाम शिवहर जिला कृषि कार्यालय में छापेमारी कर आठ हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ जिला कृषि कार्यालय के प्रधान लिपिक विज्येंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

    निगरानी टीम ने यह कार्रवाई उस वक्त की जब प्रधान लिपिक एक महिला से खाद-बीज दुकान का लाइसेंस निर्गत करने के एवज में रिश्वत ले रहे थे।

    निगरानी टीम गिरफ्तारी के बाद प्रधान लिपिक को लेकर मुजफ्फरपुर रवाना हो गई है। इधर, प्रधान लिपिक की गिरफ्तारी के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है।

    बताया गया हैं कि पिपराही थाना क्षेत्र की माधोपुर सिंगाही निवासी स्व. मुकेश सिंह की पत्नी मनीषा देवी ने खाद-बीज दुकान के लाइसेंस के लिए आवेदन दिया था। लाइसेंस के लिए प्रधान लिपिक उससे रिश्वत की मांग कर रहे थे।

    वहीं लगातार दौड़ा रहे थे। इससे त्रस्त होकर मनीषा देवी ने निगरानी थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। इसके बाद निगरानी डीएसपी शिव कुमार साह के नेतृत्व में टीम शिवहर पहुंची और जाल बिछाया।

    देर शाम प्रधान लिपिक ने मनीषा देवी को रिश्वत की राशि लेकर जिला कृषि कार्यालय में बुलाया। जहां मनीषा देवी द्वारा आठ हजार रुपये प्रधान लिपिक को देने के दौरान ही निगरानी टीम ने दबोच लिया।

    निगरानी टीम में शामिल अधिकारियों ने बताया कि गिरफ्तार प्रधान लिपिक को गुरुवार को निगरानी कोर्ट मुजफ्फरपुर में पेश किया जाएगा।

    बताते चलें कि एक साल के भीतर जिले में निगरानी की यह तीसरी कार्रवाई है। इसके पूर्व पुरनहिया के पंचायत सचिव व जिला भू-अर्जन कार्यालय के लिपिक को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया था।