शिवहर में परंपरा वही, अंदाज नया... नदी के तीरे-तीरे मेला, इनके शंभू तो उनके भोला
शिवहर में अनंत चतुर्दशी पर बागमती नदी के घाटों पर हजारों कांवरियों का जनसैलाब उमड़ पड़ा। श्रद्धालु मोतनाजे और बेलवाघाट ...और पढ़ें

शिवहर से अरेराज जाते भक्त। जागरण।
HighLights
हजारों कांवरियों ने शिवहर के बागमती घाटों पर जल भरा।
अरेराज के बाबा सोमेश्वर नाथ मंदिर में जलाभिषेक को प्रस्थान।
शिवहर प्रशासन ने कांवर यात्रा के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की।
संवाद सहयोगी, शिवहर/ पिपराही/तरियानी। बागमती नदी के विभिन्न घाटों पर सोमवार को आस्था का मेला लगा रहा। श्रद्धालुओं का जनसमुद्र उमड़ पड़ा। हर-हर महादेव और बोलबम के उद्घोष से वातावरण भक्तिमय रहा।
रास्ते में कोई शिव-शंभू तो कोई बम-बम भोला बोल रहा था। शिवहर के तरियानी प्रखंड के मोतनाजे और पिपराही प्रखंड के बेलवाघाट स्थित पवित्र बागमती नदी से हजारों कांवरियों की यात्रा निकली।
हर-हर महादेव के जयकारों के साथ बागमती नदी से जलबोझी कर नाचते-गाते कांवरिया अनंत चतुर्दशी पर बाबा सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर, अरेराज में जलाभिषेक के लिए रवाना होते रहे।
गाजे-बाजे की धुन, भक्ति गीतों व आकर्षक रथ के साथ कांवरियों का जत्था सुबह से देर रात तक अरेराज के लिए रवाना होता रहा। ट्रैक्टर पर आकर्षक ढंग से सजाया मड़वा और उसमें भजन-कीर्तन भजन करते श्रद्धालु आकर्षण का केंद्र बने रहे।

नेपाल तक से पहुंच रहे श्रद्धालु
इस यात्रा में शिवहर के अलावा सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, वैशाली और नेपाल के श्रद्धालुओं का जत्था भी है। लोग बागमती नदी के मोतनाजे व बेलवाघाट पर नदी में स्नान कर कांवर पूजा के बाद अरेराज रवाना हो रहे हैं।
तरियानी प्रखंड के माधोपुर छाता, निमाही, रेवसिया,बंकुल व रूपवारा आदि गांव के श्रद्धालुओं की टोली रेवासी, हिरम्मा, हिरौता व दुम्मा होते हुए अरेराज के लिए रवाना हुए। सोमवार को बेलवाघाट से हजारों लोगों ने जलबोझी की।
कांवर यात्रा में शामिल श्रद्धालु बेलवा घाट से देवापुर के रास्ते जल लेकर ढाका, चिरैया व मोतिहारी शहर होते हुए 25 सितंबर को अरेराज पहुंचेंगे। अगले चार दिनों तक शिवहर के बागमती नदी के तट पर मेला रहेगा।
दशकों से चली आ रही परंपरा के तहत जिले में प्रत्येक साल भव्य कांवर यात्रा का आयोजन होता है, जिसमें शिवहर के तीन लाख से अधिक लोग अनंत चतुर्दशी पर अरेराज स्थित बाबा सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर में जलाभिषेक करते हैं। गाजे-बाजे व आकर्षक रथ के साथ कांवरियों का जत्था शिवहर से अरेराज तक पदयात्रा करता है।

शिवहर-अरेराज कांवर यात्रा को लेकर सुरक्षा के इंतजाम
कांवर यात्रा को लेकर शिवहर जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए है। एसडीओ डा. अनंत कुमार व एसडीपीओ अनुशील कुमार के नेतृत्व में पुलिस-प्रशासन की टीमें जगह-जगह तैनात है।
नदी घाट से लेकर कांवर यात्रा के रूट में पुलिस बल तैनात है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा को 36 अधिकारी और 166 पुलिस बल तैनात किए गए है। डीएम-एसपी के निर्देश पर लगातार 24 घंटे अधिकारी व पुलिस बल तीन शिफ्ट में 24 घंटे ड्यूटी कर रहे हैं।
बेलवाघाट में प्रशासन द्वारा नियंत्रण कक्ष की स्थापना की गई हैं। जहां कांवरियों की सेवा के साथ उनकी समस्याओं का निदान किया जा रहा हैं। घाट पर सुरक्षा को लेकर सशस्त्र बल के साथ एसडीआरएफ व मेडिकल टीम टीम तैनात हैं। घाटों की बैरिकेडिंग की गई है। रोशनी व पेयजल की भी व्यवस्था की गई है।

हर ओर कांवरियों का रंग, वातावरण भक्तिमय
शिवहर प्रखंड के माधोपुर अनंत पंचायत अंतर्गत शाहपुर गांव के वार्ड आठ से सोमवार को 85 से अधिक कांवरिया भक्तों का जत्था पूर्वी चंपारण के अरेराज स्थित बाबा सोमेश्वर नाथ महादेव मंदिर के लिए रवाना हुआ।
जबकि शिवहर नगर थाना क्षेत्र के रेजमा, परसौनी तैयब, श्रीपुर, कोठिया एवं सरसौला गांव से कांवरियों ने भव्य कांवड़ यात्रा निकाली। श्रद्धालुओं का जत्था धार्मिक जयकारों के साथ परसौनी एवं गड़हिया होते हुए बेलवा घाट पहुंचा। यहां से कांवरियों ने जल बोझी कर पूर्वी चंपारण के अरेराज के लिए प्रस्थान करेंगे।
कांवड़ यात्रा को लेकर क्षेत्र में उत्साह और श्रद्धा का माहौल बना रहा। विभिन्न गांवों से बड़ी संख्या में श्रद्धालु यात्रा में शामिल हुए। रास्ते में स्थानीय लोगों ने कांवरियों का स्वागत किया और यात्रा को सफल बनाने में सहयोग किया।
यात्रा के दौरान एसडीओ डा. अनंत कुमार, एसडीपीओ अनुशील कुमार, कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष मोहम्मद असद, वशिष्ठ राउत चन्द्रवंशी,जदयू नेता महबूब आलम सहित दोनों समुदायों के लोग उपस्थित रहे।
