विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शिवहर में ऑनर किलिंग के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, इंस्पेक्टर और चौकीदार को बनाया बंधक

Published: Mon, 19 Oct 2026 06:04 PM (IST)

Sheohar Honor Killing Case:शिवहर में ऑनर किलिंग के आरोपी को पकड़ने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया, ...और पढ़ें

जागरण संवाददाता, शिवहर। Sheohar Honor Killing Case: पुरनहिया थाना क्षेत्र के हथिसार गांव में किशोरी की हत्या का मामला ऑनर किलिंग का निकला है।

पुलिस के अनुसार, किशोरी के प्रेम प्रसंग से नाराज उसके भाई मनोज कुमार ने ही सहयोगियों के साथ मिलकर उसकी हत्या कर शव पोखर में फेंक दिया था।

पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मृतका के भाई मनोज कुमार को गिरफ्तार कर लिया।

हत्या के बाद पुलिस पर हमला

रविवार और सोमवार की दरमियानी रात किशोरी की हत्या के मामले में अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने पुलिस टीम हथिसार गांव पहुंची थी।

इस दौरान करीब 40-50 ग्रामीणों ने पुलिस टीम पर ईंट-पत्थर और लाठी से हमला कर दिया। ग्रामीणों ने चौकीदार की बाइक क्षतिग्रस्त करने के साथ पुलिसकर्मियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट की।

हमले के दौरान शिवहर अंचल के इंस्पेक्टर और स्थानीय चौकीदार को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। वहीं, पुलिस हिरासत में लिए गए एक आरोपित को भी छुड़ा लिया गया। रोड़ेबाजी में कई पुलिसकर्मी चोटिल हुए और अन्य पुलिसकर्मियों को ग्रामीणों ने खदेड़ दिया।

कई थानों की पुलिस पहुंची

घटना की सूचना मिलते ही क्यूआरटी और कई थानों की पुलिस के साथ वरीय पुलिस पदाधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने गांव की घेराबंदी कर बंधक बनाए गए इंस्पेक्टर और चौकीदार को मुक्त कराया। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सात लोगों को गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपितों में हथिसार निवासी राम विनय कुमार, दीपू कुमार, मनीष कुमार, प्रेम शंकर साह, अजय पटेल, शिवजी साह और अरुण कुमार शामिल हैं।

इस संबंध में पुरनहिया थानाध्यक्ष प्रेमजीत सिंह ने अपने बयान पर 13 नामजद और 20-25 अज्ञात लोगों के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज की है।

पोखर से मिला था शव

एसपी शैलेंद्र सिंह ने सोमवार को समाहरणालय में आयोजित प्रेसवार्ता में पूरे मामले की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि रविवार को हथिसार गांव से एक किशोरी गायब हुई थी।

उसकी मां ने उसी दिन अपहरण का मामला दर्ज कराया था, जिसमें रंजन कुमार, गोविंद कुमार महतो, सिकंदर महतो, मीना देवी और चंदेश्वर महतो को आरोपित बनाया गया था।

मामले की जांच के दौरान रविवार शाम पुरनहिया पुलिस ने गांव के ही पोखर से किशोरी का शव बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

इसके बाद मृतका के भाई मनोज कुमार को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में मामला ऑनर किलिंग का सामने आया।

प्रेम प्रसंग से नाराज था भाई

पुलिस के अनुसार, प्रेम प्रसंग से नाराज मनोज कुमार ने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर नाबालिग बहन की हत्या की और शव को पोखर में फेंक दिया।

मनोज से पूछताछ के आधार पर पुलिस रविवार रात अप्राथमिकी अभियुक्त रिपु साह समेत अन्य आरोपितों को गिरफ्तार करने हथिसार पहुंची थी।

पुलिस ने आरोपित चंदेश्वर साह के घर की घेराबंदी कर उसे हिरासत में लिया। उसे हिरासत में लिए जाने की जानकारी मिलते ही उसके स्वजन और ग्रामीण उग्र हो गए और पुलिस टीम पर हमला कर दिया। इसी दौरान चंदेश्वर साह को पुलिस हिरासत से छुड़ा लिया गया।

13 हमलावर चिह्नित

एसपी ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने के मामले में 13 लोगों को चिह्नित किया गया है। इनमें सात लोगों को विधिवत गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि छह अन्य फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।

एसपी ने कहा कि किशोरी की हत्या के मामले की भी जांच जारी है। सभी आरोपितों को शीघ्र गिरफ्तार किया जाएगा और स्पीडी ट्रायल के तहत सजा दिलाने की कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- पटना में शराब तस्करों का पुलिस पर हमला, ताबड़तोड़ फायरिंग में 6 गाड़ियों को नुकसान; 35 गिरफ्तार

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।