शिवहर के तरियानी में पुलिस टीम पर ग्रामीणों का हमला, महिला पुलिसकर्मी जख्मी, चार महिलाएं गिरफ्तार
Sheohar Police Team Attack: शिवहर के तरियानी थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ...और पढ़ें

ग्रामीणों ने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए घर की तलाशी लेने से रोक दिया।
संवाद सहयोगी, तरियानी (शिवहर)। शिवहर के तरियानी थाना क्षेत्र के सोनबरसा गांव में शनिवार देर शाम छापेमारी करने गई पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया।
पुलिस टीम को घेरकर मारपीट और गाली-गलौज की गई। घटना में एक महिला पुलिसकर्मी जख्मी हो गईं, जबकि कई अन्य पुलिसकर्मियों को भी हल्की चोटें आई हैं।
ग्रामीणों ने पुलिस टीम के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए घर की तलाशी लेने से रोक दिया। इस दौरान एक पुलिसकर्मी का मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने के बाद बड़ी संख्या में पुलिस बल मौके पर पहुंचा और घेराबंदी कर चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया।
चार महिलाएं गिरफ्तार
गिरफ्तार महिलाओं की पहचान सोनबरसा गांव निवासी आशा देवी, अंजली देवी, मीना देवी और जानकी देवी के रूप में हुई है।
पुलिस अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही है। मामले में तरियानी थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
तरियानी थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता ने बताया कि सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस टीम देर शाम सोनबरसा गांव स्थित ललित सहनी के घर की तलाशी लेने पहुंची थी।
तलाशी के दौरान महिला और पुरुषों ने पुलिसकर्मियों के साथ अभद्र व्यवहार करते हुए सरकारी कार्य में बाधा डाली और मारपीट शुरू कर दी।
पुलिसकर्मियों से मारपीट
एसपी शैलेंद्र सिंह ने बताया कि सोनबरसा गांव में जांच के लिए पहुंची पुलिस टीम को ग्रामीणों ने घेरकर मारपीट की। इस दौरान महिला पुलिसकर्मियों के साथ भी अभद्र व्यवहार किया गया। घटना में एक पुलिसकर्मी को चोटें आईं और उनका मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर भेजा गया। घायल पुलिसकर्मी को इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया। एसपी ने बताया कि प्राथमिकी में आठ लोगों को नामजद किया गया है, जबकि सात अज्ञात लोगों को भी आरोपित बनाया गया है।
पुलिस ने चार महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया है। अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच के साथ घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान करने में जुटी है।
