Sheohar News : तरियानी में सड़क निर्माण के दौरान हादसा, अंधेरे में मिक्सर वाहन से टकराई बाइक, युवक की मौत
तरियानी में निर्माणाधीन सड़क पर अंधेरे में खड़े सीमेंट मिक्सर वाहन से बाइक टकराने से 22 वर्षीय युवक अभिजीत कुमार ...और पढ़ें

शिवहर में घटनास्थल पर लोगों की भीड़। जागरण।
HighLights
तरियानी में निर्माणाधीन सड़क पर हुआ हादसा।
अंधेरे में खड़े मिक्सर वाहन से टकराई बाइक।
सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर उठे सवाल।
संवाद सहयोगी, तरियानी (शिवहर)। रात का अंधेरा, निर्माणाधीन सड़क और रास्ते में खड़ा भारी वाहन... यही स्थिति एक 22 वर्षीय युवक के लिए जानलेवा साबित हुई। मुजफ्फरपुर-तरियानी-शिवहर स्टेट हाइवे पर सुमहूति के पास रविवार की रात सड़क निर्माण के दौरान सीमेंट-कंक्रीट मिक्सर वाहन से बाइक टकरा गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्वजनों में कोहराम मच गया।
मिक्सर वाहन से टकराई बाइक
मृतक की पहचान तरियानी थाना क्षेत्र के सुमहूति निवासी दिनकर सहनी के पुत्र अभिजीत कुमार (22) के रूप में हुई है। बताया गया कि अभिजीत बाइक से गुजर रहा था। इसी दौरान निर्माणाधीन सड़क पर खड़े सीमेंट मिक्सर वाहन से उसकी बाइक टकरा गई। वाहन के पीछे टैंकर भी लगा हुआ था। टक्कर इतनी जोरदार थी कि अभिजीत ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
अंधेरे में नहीं दिखा खड़ा वाहन
बताया गया कि घटना के समय सड़क पर निर्माण कार्य चल रहा था। निर्माण स्थल पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था नहीं थी। अंधेरे में सड़क पर खड़ा मिक्सर वाहन बाइक सवार को स्पष्ट दिखाई नहीं दिया। इससे बाइक सीधे वाहन से जा टकराई। स्थानीय स्तर पर निर्माण स्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
न बैरिकेडिंग, न रिफ्लेक्टर
निर्माणाधीन स्थल पर वाहन के आसपास पर्याप्त चेतावनी संकेत नहीं लगाए गए थे। ड्राम्स, बैरिकेडिंग और रिफ्लेक्टर की भी व्यवस्था नहीं थी। ऐसे में रात के समय गुजरने वाले वाहन चालकों के लिए निर्माण स्थल की पहचान करना मुश्किल हो सकता है। हादसे के बाद सड़क निर्माण के दौरान सुरक्षा मानकों के पालन पर सवाल खड़े हो गए हैं।
पुलिस ने जब्त किया वाहन
घटना की सूचना मिलते ही थानाध्यक्ष अभिषेक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में तरियानी थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिक्सर वाहन और अभिजीत की बाइक को जब्त कर लिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्वजनों में मचा कोहराम
युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। स्वजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। अभिजीत की मौत से गांव में भी मातम का माहौल है। पुलिस हादसे के कारणों और निर्माण स्थल पर सुरक्षा इंतजामों की स्थिति की जांच कर रही है।
