Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    शेखपुरा जंक्शन बना, लेकिन नहीं रुकती हमसफर और पुणे-जसीडीह एक्सप्रेस; वंदे भारत का इंतजार भी जारी

    Updated: Mon, 20 Jul 2026 03:28 PM (IST)

    शेखपुरा जंक्शन को दर्जा मिलने के बावजूद हमसफर, पुणे-जसीडीह और वंदे भारत जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का ठहराव नहीं हो रहा है, जिससे यात्रियों में निराशा है ...और पढ़ें

    शेखपुरा जंक्‍शन पर एक्‍सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग। फाइल

    शेखपुरा जंक्‍शन पर एक्‍सप्रेस ट्रेनों के ठहराव की मांग। फाइल

    HighLights

    1. शेखपुरा जंक्शन पर प्रमुख ट्रेनों का ठहराव अब भी लंबित।

    2. सांसद अरुण भारती के चुनावी आश्वासन पूरे नहीं हुए।

    3. सिरारी स्टेशन पर आरक्षण काउंटर की मांग भी अधूरी।

    जागरण संवाददाता, शेखपुरा। शेखपुरा रेलवे स्टेशन को जंक्शन का दर्जा मिले काफी समय बीत चुका है, लेकिन यात्रियों की सबसे बड़ी मांग आज भी अधूरी है।

    जंक्शन बनने के बावजूद गोड्डा–नई दिल्ली हमसफर एक्सप्रेस और पुणे–जसीडीह एक्सप्रेस जैसी महत्वपूर्ण ट्रेनों का यहां ठहराव शुरू नहीं हो सका है। वहीं, वंदे भारत एक्सप्रेस के ठहराव की मांग भी अब तक फाइलों में ही अटकी हुई है।

    स्थानीय लोगों का कहना है कि इन मांगों को लेकर वर्षों तक धरना-प्रदर्शन और जनआंदोलन किए गए। उस समय जनप्रतिनिधियों और रेलवे की ओर से सकारात्मक आश्वासन भी मिला। 

    आश्‍वासन म‍िला लेक‍िन पूरी नहीं हुई मांग 

    लेकिन कई वर्ष गुजर जाने के बाद भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। इससे लोगों में निराशा बढ़ती जा रही है। रंजीत कुमार उर्फ बुधन भाई ने बताया कि शेखपुरा स्टेशन पर ट्रेनों के ठहराव को लेकर लगातार आंदोलन किया गया था।

    उस दौरान भरोसा दिया गया था कि प्रमुख एक्सप्रेस ट्रेनों का ठहराव जल्द शुरू होगा, लेकिन आज तक कोई ठोस पहल नहीं हुई। इसी तरह, सिरारी रेलवे स्टेशन पर आरक्षण काउंटर और अन्य यात्री सुविधाओं की मांग लंबे समय से लंबित है।

    सामाजिक कार्यकर्ता राजकुमार सिंह और अजीत कुमार सिंह ने कहा कि लोकसभा चुनाव के दौरान सांसद अरुण भारती ने शेखपुरा जंक्शन पर महत्वपूर्ण ट्रेनों के ठहराव और सिरारी स्टेशन पर आरक्षण काउंटर सहित कई सुविधाएं बहाल कराने का आश्वासन दिया था। चुनाव के बाद अब तक इन वादों पर कोई प्रगति नहीं दिखी है।

    प्रतिनिधि बोले- सांसद के समक्ष रखी जाएगी मांग

    सांसद प्रतिनिधि सचिन सौरव ने कहा कि सांसद अरुण भारती के क्षेत्रीय दौरे के दौरान स्थानीय लोगों की सभी मांगों को उनके समक्ष रखा जाएगा। उन्होंने भरोसा दिलाया कि सांसद इस दिशा में आवश्यक पहल करेंगे।

    खबरें और भी

    वहीं, सांसद अरुण भारती के निजी सहायक अरविंद कुमार ने मोबाइल पर बताया कि शेखपुरा जंक्शन पर प्रमुख ट्रेनों के ठहराव का मामला सांसद के संज्ञान में है।

    उन्होंने कहा कि वर्तमान संसद सत्र के दौरान इस मुद्दे को प्रश्न के माध्यम से उठाया जाएगा, ताकि रेलवे मंत्रालय का ध्यान इस ओर आकर्षित हो और यात्रियों की लंबे समय से लंबित मांग पूरी हो सके।

    स्थानीय नागरिकों का कहना है कि शेखपुरा को जंक्शन का दर्जा मिलने के बाद भी यदि प्रमुख ट्रेनों का ठहराव नहीं होता है, तो इसका वास्तविक लाभ यात्रियों को नहीं मिल पाएगा। ऐसे में लोगों को अब आश्वासनों के बजाय ठोस कार्रवाई का इंतजार है।