दूल्हा बनने से पहले ही बुझ गया चिराग, नेपाल में भीषण सड़क हादसा, सीतामढ़ी के विशाल की मौत
बैरगनिया के विशाल कुमार की शादी से पहले नेपाल में एक सड़क हादसे में मौत हो गई। इस घटना ने उनके घर की खुशियों को मातम में बदल दिया और पूरे क्षेत्र में ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, बैरगनिया (सीतामढ़ी)। अगले महीने 08 मई को जिस घर में शादी की शहनाइयां गूंजने वाली थीं, वहां एक सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया।
बैरगनिया नगर परिषद क्षेत्र के वार्ड नंबर 01 सिंदुरिया गांव निवासी प्रदीप महतो, जो राजमिस्त्री ठेकेदार का कार्य करते हैं, उनके 19 वर्षीय पुत्र विशाल कुमार की नेपाल में हुए सड़क हादसे में मौत हो गई।
बताया गया है कि विशाल कुमार का विवाह आगामी 8 मई को होना सुनिश्चित हुआ था। शनिवार की रात करीब 10:00 बजे विशाल अपने गांव के ही ध्यानी महतो के 18 वर्षीय पुत्र अवनीश कुमार के साथ मोटरसाइकिल से नेपाल के जयनगर अवस्थित अपनी फुआ लक्ष्मीनिया देवी के यहां जा रहे थे।
इसी दौरान नेपाल के रौतहट जिले के सबगाढा क्षेत्र के पास निर्माणाधीन सड़क पुल से अचानक टकराकर उनकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। हादसा इतना भीषण था कि विशाल कुमार की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर सवार अवनीश कुमार गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटनास्थल पर पहुंची नेपाल पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए विशाल और अवनीश को उठाकर गौर जिला अस्पताल लाया,जहां उपस्थित चिकित्सकों ने विशाल कुमार को मृत घोषित कर दिया वहीं घायल अवनीश का इलाज शुरू कर दी।
परिजनों के अनुसार, विशाल कुमार की शादी नेपाल के रौतहट जिला अंतर्गत एक गांव में आगामी 08 मई को होने वाली थी। एक तरफ दूल्हे के घर में तथा दूसरे तरफ दुल्हन के घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और खुशियों का माहौल था, लेकिन इस हादसे ने दोनों ही परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया।
घटना की सूचना मिलते ही दोनों ही परिवार में कोहराम मच गया। जिस घर में शादी की तैयारियों को लेकर उत्साह था, वहां अब मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। इस दर्दनाक घटना के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
खबरें और भी
मृतक विशाल के घर में उसकी मां रुक्मिणी देवी, पिता प्रदीप महतो, बड़ा भाई रितेश कुमार, छोटा भाई सुमित कुमार , बुआ - नैना कुमारी सहित अन्य परिजनों का रो -रोकर बुरा हाल है।
मृतक के शव को नेपाल में ही पोस्टमार्टम करने के बाद नेपाल पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। रविवार की शाम शव को परिजनों ने स्थानीय लालबकेया नदी पर हिंदू रीति रिवाज के अनुसार दाह संस्कार कर दिया है।
घटना सुनते ही सामाजिक कार्यकर्ता राम आशीष राय, नगर परिषद के सभापति प्रतिनिधि ब्रजमोहन कुमार, उपसभापति धीरज कुमार सिंह, सुरेश पांडे, राकेश प्रसाद, शिक्षक राजेश कुमार सहित कई लोग मृतक के परिवार को सांत्वना देने पहुंचे थे।