सीतामढ़ी के लाल ने किया कमाल, ऑल इंडिया पुलिस बैडमिंटन में जीते 2 गोल्ड सहित 3 मेडल
सीआरपीएफ कमांडेंट सर्वेश कुमार सुमन ने अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक जीता है। ...और पढ़ें

सीआरपीएफ कमांडेंट सर्वेश कुमार सुमन। (जागरण)
HighLights
सीआरपीएफ कमांडेंट सर्वेश सुमन ने जीते दो स्वर्ण पदक।
अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन।
सीतामढ़ी और बिहार का नाम किया रोशन।
संवाद सहयोगी, सीतामढ़ी। जिले के छोटे से गांव से निकलकर देश सेवा में जुटे सीआरपीएफ कमांडेंट सर्वेश कुमार सुमन ने एक बार फिर खेल के मैदान में जिले व प्रदेश का नाम रोशन किया है।
लखनऊ में आयोजित अखिल भारतीय पुलिस बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए सर्वेश ने दो स्वर्ण और एक कांस्य पदक अपने नाम किया है। उनकी इस ऐतिहासिक उपलब्धि पर उनके पैतृक गांव राधाउर सहित केंद्रीय विद्यालय तथा पूरे जिले में हर्ष का माहौल है।
यूपी के मुख्यमंत्री ने किया था आगाज
उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा गत 09 मई से 13 मई तक लखनऊ में आयोजित इस भव्य प्रतियोगिता का उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने किया था।
इस राष्ट्रीय स्तर के आयोजन में देश भर की पुलिस, अर्द्ध सैनिक बलों और अन्य पुलिस संगठनों की कुल 44 टीमों ने हिस्सा लिया, जिसमें मुकाबला बेहद कड़ा रहा।
कड़े मुकाबलों में दी दिग्गजों को शिकस्त
सर्वेश कुमार सुमन ने अपनी खेल प्रतिभा का लोहा मनवाते हुए उत्तर प्रदेश, केरल, इंटेलिजेंस ब्यूरो, असम राइफल्स, एनएसई, सीआईएसएफ और मेघालय पुलिस जैसी दिग्गज टीमों के खिलाड़ियों को परास्त किया। साथ ही दो स्वर्ण पदक और एक कांस्य पदक प्राप्त किया।
डीजीपी ने किया सम्मानित
प्रतियोगिता के समापन पर लखनऊ स्थित बाबू बनारसी दास बैडमिंटन अकादमी में आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में उत्तर प्रदेश के पुलिस महानिदेशक ने सर्वेश को पदक पहनाकर सम्मानित किया।
अब तक जीत चुके हैं 08 पदक
यह पहली बार नहीं है जब सर्वेश ने अपनी चमक बिखेरी हो। इससे पहले भी वह ऑल इंडिया पुलिस चैंपियनशिप में 05 पदक जीत चुके हैं। इस वर्ष के 03 पदकों को मिलाकर उनके पास अब कुल 08 पदक हो गए हैं।
सर्वेश की इस स्वर्णिम सफलता पर सीआरपीएफ के अधिकारियों के साथ-साथ उनके गृह जनपद सीतामढ़ी के खेल प्रेमियों और ग्रामीणों ने खुशी जाहिर की है।
लोगों का कहना है कि सर्वेश ने अपनी मेहनत से यह साबित कर दिया है कि दृढ़ इच्छाशक्ति हो तो खाकी की जिम्मेदारी के साथ-साथ खेल की दुनिया में भी शिखर तक पहुंचा जा सकता है।
यह भी पढ़ें- बिहार के लाल को पश्चिम बंगाल में बड़ी जिम्मेदारी, IPS अजय कुमार बने कोलकाता के पुलिस कमिश्नर