सीतामढ़ी में बारात जाने के लिए खड़े लोगों को पिकअप ने रौंदा, एक छात्र की मौत; सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन
सीतामढ़ी में बारात जाने के लिए सड़क किनारे खड़े लोगों को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंदा, जिससे 16 वर्षीय छात्र रेहान आलम की मौत हो गई और दो घायल हुए। ...और पढ़ें

सड़क पर शव रखकर किया प्रदर्शन
HighLights
सीतामढ़ी में बारात जाने के लिए खड़े लोगों को पिकअप ने रौंदा।
हादसे में 16 वर्षीय छात्र रेहान आलम की इलाज के दौरान मौत।
आक्रोशित ग्रामीणों ने शव रखकर सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। सोनबरसा थाना क्षेत्र के फरछहिया वार्ड संख्या 11 से अररिया बारात जाने के लिए सड़क किनारे खड़े लोगों को तेज रफ्तार पिकअप ने रौंद दिया।
हादसे में फरछहिया वार्ड संख्या 11 निवासी मोहम्मद नसीम शेख के करीब 16 वर्षीय पुत्र रेहान आलम की इलाज के दौरान मौत हो गई। रेहान ने इसी वर्ष दसवीं की परीक्षा दी थी।
बारात जाने के लिए गाड़ी का इंतजार कर रहे थे लोग
जानकारी के अनुसार, गुरुवार की रात करीब दस बजे बारात जाने के लिए सभी लोग सड़क किनारे वाहन का इंतजार कर रहे थे। इसी दौरान सोनबरसा की ओर से तेज गति से आई पिकअप ने तीन लोगों को जोरदार टक्कर मार दी और चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
घायल रेहान आलम को पहले सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सोनबरसा ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद सीतामढ़ी रेफर किया गया। लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। हादसे में नासिद शेख (पिता- रहमत शेख) एवं इन्याद शेख (पिता- शहजाद शेख) भी घायल हुए हैं।दोनों का इलाज जारी है।
पुलिस मामले की जांच में जुटी है और फरार पिकअप वाहन की तलाश कर रही है। वहीं घटना को लेकर आक्रोशित ग्रामीण शुक्रवार की सुबह सड़क पर शव रखकर जाम कर दिया सड़क पर टायर जलाकर प्रदर्शन कर रहे हैं।