सीतामढ़ी में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत लगेगा निःशुल्क सोलर पैनल
सीतामढ़ी के सोनबरसा में प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना शुरू हो रही है। इसके तहत पात्र परिवारों को निःशुल्क सोलर पैनल मिलेंगे, जिससे बिजली बिल ...और पढ़ें

इसमें प्रतीकात्मक तस्वीर लगाई गई है।
संवाद सहयोगी, जागरण, सोनबरसा (सीतामढ़ी)। बिहार में सीतामढ़ी के सोनबरसा में आम लोगों के लिए बिजली बिल से राहत की बड़ी पहल शुरू होने जा रही है।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत अब पात्र परिवारों के घरों की छतों पर निःशुल्क सोलर पैनल लगाए जाएंगे, जिससे उन्हें स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा का लाभ मिलेगा।
इस योजना से बिजली खर्च में कमी आएगी। साथ ही पर्यावरण संरक्षण को भी नई दिशा मिलेगी। सरकार की इस पहल से जिले के हजारों परिवारों के चेहरे पर राहत और उम्मीद की नई किरण जगने लगी है।
नार्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड के विद्युत आपूर्ति प्रशाखा, सोनबरसा (पुपरी) द्वारा ‘प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना’ के सफल क्रियान्वयन को लेकर महत्वपूर्ण पहल की गई है।
इसके तहत प्रखंड क्षेत्र के चयनित पंचायतों में कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं के परिसर में निःशुल्क सोलर पैनल स्थापना के लिए सहमति पत्र प्राप्त करने के लिए विशेष शिविर का आयोजन किया जाएगा।
कार्यालय आदेश के अनुसार, प्रशाखा सोनबरसा अंतर्गत दो पंचायतों में चरणबद्ध तरीके से शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों में उपभोक्ताओं को योजना की जानकारी देने के साथ-साथ उनसे सोलर पैनल स्थापना के लिए सहमति पत्र भी प्राप्त किया जाएगा।
निर्धारित तिथि एवं पंचायतवार कार्यक्रम - पहले चरण और दूसरे चरण में शिविर आयोजन की तिथियां तय की गई हैं,जिसमें बिशनपुर आधार पंचायत में 15 एवं 21 अप्रैल, मढ़िया पंचायत में 17 एवं 24 अप्रैल एवं पूरंदाहा राजवारा पूर्वी पंचायत में 18 एवं 25 अप्रैल को शिविर लगेगा।
प्रत्येक पंचायत में शिविर संचालन के लिए नोडल अधिकारी, सहकर्मी एवं जीविका से जुड़े पंचायत स्तरीय कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की गई है।
प्रत्येक शिविर दिवस के सायंकाल 4 बजे तक सभी नोडल कर्मी, जीविका सामुदायिक समन्वयक के साथ प्राप्त सहमति पत्रों को सूचीबद्ध कर प्रशाखा कार्यालय में जमा करेंगे। साथ ही इसकी सूचना अधोहस्ताक्षरी को भी उपलब्ध कराई जाएगी।
प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना के तहत कुटीर ज्योति उपभोक्ताओं को निःशुल्क सोलर पैनल उपलब्ध कराए जाने से उन्हें बिजली खर्च से राहत मिलेगी और स्वच्छ ऊर्जा को भी बढ़ावा मिलेगा।