सीतामढ़ी में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से NHAI कर्मचारी की मौत, मुआवजे की मांग पर सड़क जाम
NHAI Employee Death: सीतामढ़ी में तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एनएचएआई के कर्मचारी विपिन कुमार की मौके पर ही मौत हो गई। मुआवजे की मांग को लेकर सहकर्मिय ...और पढ़ें

मुआवजे की मांग को लेकर कुछ समय के लिए एनएच-22 को जाम कर दिया। प्रतीकात्मक फोटो
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitamarhi Road Accident: महिंदवारा थाना क्षेत्र के कोरलहिया चौक के समीप राष्ट्रीय राजमार्ग-22 पर रविवार को तेज रफ्तार बाइक की टक्कर से एनएचएआई से संबद्ध एक कर्मचारी की मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे के बाद बाइक सवार वाहन मौके पर छोड़कर फरार हो गया। घटना से नाराज सहकर्मियों ने मुआवजे की मांग को लेकर कुछ समय के लिए एनएच-22 को जाम कर दिया।
दवा खरीदकर लौट रहे थे कर्मचारी
मृतक की पहचान एनएचएआई के अधीन कार्यरत बीएससीपीएल इंफ्रास्ट्रक्चर के कर्मचारी विपिन कुमार के रूप में हुई है। वह मूल रूप से सारण जिले के एकमा के रहने वाले थे।
बताया गया कि रविवार को वह कोरलहिया चौक पर दवा खरीदने आए थे। दवा लेकर लौटने के दौरान तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
बाइक छोड़कर भागा चालक
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि विपिन कुमार ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद बाइक चालक वाहन वहीं छोड़कर फरार हो गया। पुलिस ने बाइक को अपने कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
मुआवजे की मांग पर जाम
घटना की सूचना मिलते ही एनएचएआई और बीएससीपीएल इंफ्रास्ट्रक्चर के कर्मचारी मौके पर पहुंचे। सहकर्मी की मौत से आक्रोशित कर्मचारियों ने मुआवजे की मांग को लेकर कुछ समय के लिए एनएच-22 को जाम कर दिया। इससे हाईवे के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।
सूचना मिलने पर महिंदवारा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों को समझाकर जाम समाप्त कराया। पुलिस ने बताया कि फरार बाइक चालक की पहचान और गिरफ्तारी के लिए कार्रवाई की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।