सीतामढ़ी में बीच बाजार मर्डर: कुख्यात राकेश यादव के भाई को गोलियों से भूना, ठेले से अस्पताल ले जाते समय मौत
सीतामढ़ी के भवदेपुर बाजार में बाइक सवार अपराधियों ने कुख्यात बदमाश राकेश यादव के भाई दिनेश यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है ...और पढ़ें

सांकेतिक तस्वीर
HighLights
सीतामढ़ी के भवदेपुर बाजार में हुई गोलीबारी की घटना।
कुख्यात राकेश यादव के भाई दिनेश यादव की हत्या।
आपसी रंजिश और आपराधिक इतिहास से जुड़ा मामला।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। रीगा थाना क्षेत्र के भवदेपुर बाजार में शनिवार की शाम बाइक सवार अपराधियों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर कुख्यात अपराधी व 25 हजार के इनामी बदमाश राकेश यादव के भाई दिनेश यादव को गोलियों से भून डाला। वारदात के बाद इलाके में अफरातफरी मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान नगर थाना क्षेत्र के इंद्रानगर निवासी सुरेश राय के 32 वर्षीय पुत्र दिनेश यादव के रूप में हुई है। पुलिस ने घटनास्थल से सात खोखे और एक बुलेट बरामद किया है। पुलिस की सूचना पर एफएसएल की टीम घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य संग्रहित करने में जुटी है।
वहीं दूसरी ओर से मृतक के स्वजन मामले में बदमाशों की गिरफ्तारी होने तक शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया है। स्वजन बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए अस्पताल में हंगामा कर रहे हैं। पुलिस उन्हें समझाने-बुझाने में जुटी हुई है। घटना की सूचना पर पुलिस उपाधीक्षक सदर राजीव कुमारी सिंह सदर अस्पताल पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने के प्रयास में जुटे हैं।
बताया गया कि भवदेपुर बाजार उसके साले के नाम से ठेका है। दिनेश यादव शनिवार की शाम ठेका की राशि (कौड़ी) वसूली करने के लिए वहां पहुंचा था। इसी दौरान बाइक पर सवार दो बदमाशों ने उसे निशाना बनाते हुए चार से पांच राउंड फायरिंग कर दी। गोली लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ा।
खबरें और भी
स्थानीय लोगों की मदद से उसे ठेला पर लादकर इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सक डा. एसपी झा ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना की पुलिस और वरीय अधिकारी मौके पर पहुंचे। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
सदर एसडीपीओ राजीव कुमार सिंह ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला आपसी रंजिश से जुड़ा प्रतीत होता है। सभी बिंदुओं पर जांच की जा रही है। उन्होंने यह भी बताया कि मृतक दिनेश यादव का भी आपराधिक इतिहास रहा है। वहीं पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
प्रापर्टी डीलर पट्टू खान हत्याकांड में मृतक का भाई था नामजद
मृतक नगर थाना क्षेत्र के इंद्रानगर निवासी सुरेश राय के 32 वर्षीय पुत्र दिनेश यादव का भाई राकेश यादव जिले का कुख्यात बदमाश है। उसपर 25 हजार का इनाम भी घोषित है। शहर के मेहसौल चौक निवासी प्रापर्टी डीलर वसीम अनवर खान उर्फ पटटू खान की 12 जुलाई 2025 की रात हुई हत्या में भी राकेश यादव नामजद अभियुक्त बनाया गया था।
फरारी की स्थिति में उसके घर की कुर्की जब्ती भी की गई थी। मृतक के स्वजन मामले में पट्टू खान से जुड़े लोगों को भी आरोपित कर रहे हैं। मृतक के स्वजन के अनुसार पट्टू खान की हत्या के बदले में ही इस घटना को अंजाम दिया गया है। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।