सीतामढ़ी पुलिस को मिलेंगे 40 नए दोपहिया वाहन, महिला सुरक्षा और पेट्रोलिंग को मिलेगी रफ्तार
Bihar Police Patrolling: सीतामढ़ी पुलिस को कानून-व्यवस्था और गश्ती मजबूत करने के लिए 40 नए दोपहिया वाहन मिलेंगे, जिनमें महिला ...और पढ़ें

प्रथम चरण में 1000 मोटरसाइकिल और 700 स्कूटर का लोकार्पण 28 अगस्त को मुख्यमंत्री द्वारा किया जाना संभावित है।
HighLights
सीतामढ़ी पुलिस को मिलेंगे 40 नए दोपहिया वाहन।
महिला सुरक्षा और गश्ती तंत्र होगा मजबूत।
रिस्पॉन्स टाइमिंग में आएगा सुधार, अपराध नियंत्रण।
संवाद सूत्र, सीतामढ़ी। Sitamarhi Police News: जिले में विधि-व्यवस्था और गश्ती तंत्र को मजबूत करने के उद्देश्य से सीतामढ़ी पुलिस को 40 नए दोपहिया वाहन उपलब्ध कराए जाएंगे।
पुलिस मुख्यालय की इस पहल से रिस्पॉन्स टाइमिंग में सुधार होगा और महिला सुरक्षा से जुड़े मामलों में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकेगी।
इसके तहत जिले को 25 नई मोटरसाइकिलें और महिला पुलिसकर्मियों के लिए 15 विशेष स्कूटर आवंटित किए जा रहे हैं।
सीएम करेंगे लोकार्पण
बिहार पुलिस मुख्यालय पटना द्वारा गश्ती बढ़ाने के लिए कुल 2100 मोटरसाइकिल और 1500 स्कूटरों की खरीदारी की गई है।
प्रथम चरण में 1000 मोटरसाइकिल और 700 स्कूटर का लोकार्पण 28 अगस्त को मुख्यमंत्री द्वारा किया जाना संभावित है। इस राज्यस्तरीय कार्यक्रम के मद्देनजर मुख्यालय ने सीतामढ़ी सहित सभी जिलों से पात्र पुलिस पदाधिकारियों एवं सिपाहियों की सूची तलब की है।
ड्राइविंग लाइसेंस अनिवार्य
सीतामढ़ी जिले में आवंटित 25 मोटरसाइकिल पुरुष पुलिसकर्मियों को और 15 स्कूटर महिला पुलिस पदाधिकारियों व सिपाहियों को सौंपे जाएंगे।
पुलिस मुख्यालय ने स्पष्ट निर्देश दिया है कि वाहन प्राप्त करने वाले सभी चयनित जवानों के पास वैध ड्राइविंग लाइसेंस होना अनिवार्य होगा। इसके साथ ही जवानों को निर्धारित वर्दी और वाहनों में पर्याप्त ईंधन की व्यवस्था के साथ पूरी तरह तैयार रहने का आदेश दिया गया है।
महिला सुरक्षा होगी पुख्ता
15 नए स्कूटर मिलने से शहर के भीड़भाड़ वाले बाजारों और संवेदनशील इलाकों में महिला पुलिसकर्मियों की गश्ती का दायरा बढ़ेगा। इससे महिलाओं, छात्राओं से जुड़ी शिकायतों और छेड़खानी जैसी घटनाओं पर पुलिस बल का तत्काल मौके पर पहुंचना संभव होगा।
नए वाहनों की नियमित पेट्रोलिंग से तंग गलियों में भी निगरानी मजबूत होगी और अपराध नियंत्रण में सीधा सहयोग मिलेगा।
