सीतामढ़ी में मिलने लगा अब कंपोजिट LPG सिलिंडर, बाहर से ही देख सकेंगे कितनी है गैस
सीतामढ़ी में अब उपभोक्ताओं को पारदर्शी कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर मिलने लगे हैं, जिससे वे बाहर से ही गैस की मात्रा ...और पढ़ें

सीतामढ़ी में मिलने लगा अब कंपोजिट LPG सिलिंडर, बाहर से ही देख सकेंगे कितनी है गैस
HighLights
सीतामढ़ी में पारदर्शी कंपोजिट एलपीजी सिलेंडर उपलब्ध।
सिलेंडर हल्का, सुरक्षित और जंग रहित है।
ऐप से बुकिंग पर 90 मिनट में डिलीवरी।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। जिले में अब कंपोजिट सिलिंडर उपभोक्ताओं को मिलने लगा है। आईओसी ने टाउन एरिया से इसकी शुरुआत की है। अब तक पटना, गया, आरा, नालंदा, बेगूसराय, वैशाली आदि शहरों में ही इसकी उपलब्धता थी। इसके साथ ही जिले में कंपोजिट सिलिंडर की शुरुआत की गई है।
कंपोजिट सिलिंडर की शुरुआत सितंबर 2021 में पटना से हुई थी। इस सिलिंडर में कई खूबियां हैं। यह सुरक्षित और हल्का भी है। हाल के दिनों में रसोई गैस की किल्लत और बुकिंग को लेकर देशभर में उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।
स्थिति सामान्य होने के बाद सरकार ने घरेलू गैस सिलिंडर की बुकिंग को लेकर समय-सीमा भी निर्धारित कर दी। शहरी उपभोक्ताओं को दोबारा सिलिंडर बुक करने के लिए 25 दिन, जबकि ग्रामीण उपभोक्ताओं के लिए 45 दिन का इंतजार करना पड़ रहा है। ऐसे में बड़े परिवारों के लिए यह नियम परेशानी का कारण बन रहा है।
उपभोक्ताओं की इसी परेशानी को ध्यान में रखते हुए हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉरपोरेशन लिमिटेड ने 10 किलोग्राम क्षमता वाला ‘नव्या’ गैस सिलिंडर उपलब्ध कराया है।
बाहर से ही देख सकते हैं गैस की मात्रा:
हिंदुस्तान पेट्रोलियम के अधिकारी आकाश कुमार यादव ने कहा कि कंपोजिट सिलिंडर का दायरा चरणबद्ध ढंग से बढ़ाया जा रहा है। इस सिलिंडर का कुछ हिस्सा पारदर्शी है। इससे उपभोक्ता गैस की मात्रा बाहर से ही देख सकते हैं। गैस खत्म होने से पहले ही दूसरे सिलिंडर के लिए बुकिंग करा सकते हैं।
लाल रंग वाले सिलिंडर में कितना गैस है इसका पता नहीं चल पाता। जब अचानक गैस खत्म हो जाता है तो उपभोक्ताओं को परेशानी होती है। लेकिन इस सिलिंडर में ऐसा नहीं होगा। दूसरी खास बात यह कि इसमें जंग नहीं लगता और लाल सिलिंडर से हल्का भी होता है। यह सुरक्षित है क्योंकि इसमें विस्फोट नहीं होता।
ऐप के माध्यम से कर सकेंगे बुकिंग
मुरादपुर स्थित सीताराम एचपी गैस एजेंसी परिसर में आयोजित जागरूकता शिविर में एलपीजी उपभोक्ताओं को कंपोजिट सिलिंडर के बारे में जानकारी दी गई।
हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पदाधिकारी आकाश कुमार यादव, संदीप कुमार ने संयुक्त रूप से ‘नव्या’ सिलिंडर के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि यह पारंपरिक सिलिंडर से अलग पारदर्शी है। इसकी मदद से उपभोक्ता सिलिंडर में बची गैस की मात्रा को बाहर से ही देख सकेंगे। इसकी बुकिंग ऐप के माध्यम से कर सकते है। बुकिंग के 90 मिनट के भीतर घर तक यह सिलिंडर की डिलेवरी की जाएगी।
जिले में कंपोजिट सिलिंडर उपलब्ध कराया गया है। उपभोक्ता अपनी स्वेच्छा से इसकी बुकिंग करा रहे हैं। अभी कंपोजिट सिलिंडर की उपभोक्तओं की संख्या कम है। यह सिलिंडर हल्का व पारदर्शी है। वैसे जिले में एलपीजी गैस की कोई कमी नहीं है। - सुनील कुमार सिन्हा, जिला आपूर्ति पदाधिकारी, सीतामढ़ी
