Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    सीतापुरम सेटेलाइट सिटी पर सांसद का बयान, किसानों को भरोसा, जबरन नहीं ली जाएगी जमीन

    Updated: Thu, 11 Jun 2026 07:03 PM (IST)

    Land Acquisition Bihar Development: सांसद देवेशचंद्र ठाकुर ने सीतापुरम सेटेलाइट सिटी परियोजना पर लोगों से भ्रमित न होने की अपील की है, assuring भूमि अ ...और पढ़ें

    सांसद देवेशचंद्र ठाकुर ! फाइल फोटो

    सांसद देवेशचंद्र ठाकुर ! फाइल फोटो

    जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। Sitapuram Satellite City: सीतापुरम सेटेलाइट सिटी प्रोजेक्ट को लेकर उठ रही आशंकाओं के बीच सीतामढ़ी के सांसद देवेशचंद्र ठाकुर ने लोगों से भ्रमित नहीं होने की अपील की है।

    उन्होंने कहा कि सरकार लोककल्याण की भावना के साथ इस परियोजना को आगे बढ़ा रही है और भूमि अधिग्रहण की पूरी प्रक्रिया निर्धारित नियमों के अनुरूप ही होगी।

    सभी पक्षों के साथ होगी बैठक

    सांसद ने कहा कि जिलाधिकारी के अवकाश से लौटने के बाद प्रशासन और संबंधित पक्षों के साथ बैठक आयोजित की जाएगी। इस बैठक में लोगों की सभी आशंकाओं और भ्रांतियों को दूर करने का प्रयास किया जाएगा ताकि परियोजना को लेकर किसी प्रकार का भ्रम न रहे।

    उन्होंने स्पष्ट किया कि फिलहाल भूमि की खरीद-बिक्री पर लगी रोक अस्थायी है और इसका उद्देश्य केवल प्रशासनिक प्रक्रिया को सुव्यवस्थित करना है।

    किसानों को नहीं होगी परेशानी

    देवेशचंद्र ठाकुर ने कहा कि सरकार भूमि अधिग्रहण में तय मापदंडों का पूरी तरह पालन करेगी। किसी गरीब या कम भूखंड वाले किसान की जमीन जबरन नहीं ली जाएगी। यदि किसी प्रकार की समस्या सामने आती है तो उसका समाधान बातचीत के माध्यम से निकाला जाएगा।

    उन्होंने कहा कि सरकार की मंशा किसी को परेशान करने की नहीं, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास को गति देने की है।

    पुनौराधाम के विकास से बढ़ेगा पर्यटन

    सांसद ने कहा कि ऐतिहासिक पुनौराधाम में मां सीता से जुड़े भव्य और दिव्य निर्माण कार्य पूरे होने के बाद देश-विदेश से बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंचेंगे। ऐसे में आसपास आधुनिक सुविधाओं से युक्त टाउनशिप विकसित करना समय की आवश्यकता है।

    उनके अनुसार, सीतापुरम सेटेलाइट सिटी परियोजना जिले की सुंदरता, आधारभूत संरचना और पर्यटन को नई पहचान देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

    महापंचायत में परियोजना वापस लेने की मांग

    इधर, परियोजना के दायरे में आने वाले खैरवा गांव के सैकड़ों किसान और मजदूर भूमि बचाओ संघर्ष समिति के बैनर तले आयोजित महापंचायत में जुटे। सभा में राज्य सरकार से सीतापुरम सेटेलाइट सिटी प्रोजेक्ट को वापस लेने की मांग की गई।

    खबरें और भी

    समिति के संरक्षक बैद्यनाथ हाथी ने कहा कि किसानों की जमीन उनके जीवन का आधार है और इसे किसी भी कीमत पर नहीं छोड़ा जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार किसानों की जमीन लेकर कॉरपोरेट हितों को बढ़ावा देना चाहती है।

    21 सदस्यीय संघर्ष समिति का गठन

    महापंचायत में सर्वसम्मति से 21 सदस्यीय भूमि बचाओ संघर्ष समिति के गठन का निर्णय लिया गया। रामसागर ठाकुर को समिति का संयोजक और शिवचंद्र यादव को सह संयोजक बनाया गया।

    बैठक में प्रो. आनंद किशोर, पूर्व मुखिया शंभू यादव, पूर्व सरपंच नवीन कुमार सिंह, पंचायत समिति सदस्य छोटे साह, संयुक्त किसान संघर्ष मोर्चा के महासचिव अवधेश यादव सहित कई वक्ताओं ने परियोजना का विरोध करते हुए आंदोलन तेज करने की चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि यदि सरकार ने योजना वापस नहीं ली तो गांव-गांव में जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।