सीतामढ़ी में नए डीएम का एक्शन प्लान, लंबित आवेदन निपटेंगे, योजनाओं का मिलेगा लाभ
सीतामढ़ी के नए डीएम तनय सुल्तानिया ने पदभार ग्रहण किया और पुनौराधाम मंदिर में दर्शन किए। उन्होंने अधिकारियों संग बैठक ...और पढ़ें

सीतामढ़ी में पदाधिकारियों के साथ बैठक करते नए डीएम तनय सुल्तानिया।
HighLights
नए डीएम तनय सुल्तानिया ने सीतामढ़ी में पदभार संभाला।
पुनौराधाम मंदिर में माता सीता का आशीर्वाद प्राप्त किया।
योजनाओं की समीक्षा कर समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर दिया।
जागरण संवाददाता, सीतामढ़ी। भोजपुर से स्थानांतरित होकर आए नए डीएम तनय सुल्तानिया ने शुक्रवार को अपना पदभार ग्रहण कर लिया। मीडियाकर्मियों से संक्षिप्त मुलाकात करने के बाद वे ऐतिहासिक पुनौराधाम मंदिर पहुंचे।
वहां पूर्व डीएम रिची पांडेय के साथ माता सीता का दर्शन कर पूजा-अर्चना की। सीता कुंड का पवित्र जल शरीर पर छीटें और महंथ कौशल किशोर दास से आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस दौरान अहलुवालिया कंट्रैक्स प्रा लि द्वारा निर्माण कराए जा रहे माता सीता के भव्य व दिव्य मंदिर के निर्माण कार्यों का अवलोकन करते हुए अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
इसके बाद समाहरणालय के विमर्श कक्ष में अधिकारियों के साथ बैठक की और अपनी कार्यशैली से अधिकारियों व कर्मियों को अवगत कराया। कहा कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्ता एवं तय मानकों के अनुरूप सुनिश्चित करें।
सहयोग शिविर के व्यापक प्रचार-प्रसार का निर्देश देते हुए कहा कि अधिक से अधिक लोगों तक इसकी जानकारी पहुंचाए। प्राप्त आवेदनों का समयबद्ध तरीके से डिजिटलीकरण एवं निष्पादन सुनिश्चित करें। विद्यार्थी सहयोग पोर्टल का सघन प्रचार-प्रसार कराएं। स्कूलों एवं छात्रावासों से संबंधित समस्याओं का प्रभावी समाधान सुनिश्चित करने के उद्देश्य से आगामी 25 अगस्त से विद्यार्थी सहयोग अभियान शुरू करने का निर्णय लिया गया।
पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना पर फोकस
डीएम ने बिजली विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिया कि पीएम सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना एवं कुटीर ज्योति योजना का लाभ अधिक से अधिक लोगों को उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें।
कुटीर ज्योति योजना के निर्धारित लक्ष्य को समय-सीमा के भीतर पूरा करने पर विशेष जोर दिया। राशन कार्ड की समीक्षा के क्रम में लंबित आवेदनों के ई-केवाईसी, आनलाइन एंट्री एवं राशन कार्ड जनरेशन की प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया।
फार्मर रजिस्ट्रेशन की समीक्षा में लंबित आवेदनों का हर हाल में रविवार तक निष्पादन करने को कहा। उन्होंने राजस्व मामलों की समीक्षा में परिमार्जन से संबंधित मामलों के त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया।
कहा कि परिमार्जन में 15 दिनों से अधिक पुराने मामले लंबित नहीं रहने चाहिए। आनलाइन म्यूटेशन, दाखिल-खारिज, परिमार्जन सहित राजस्व से जुड़े अन्य मामलों के निष्पादन में लापरवाही या अनावश्यक विलंब को गंभीरता से लिया जाएगा।
मौके पर अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन बृजकिशोर पांडे, एडीएम विभागीय जांच, वरीय उप समाहर्ता अमूल्य रत्न, मो. इस्लाम ,डीपीआरओ कमल सिंह सहित आदि कई पदाधिकारी उपस्थित रहे।
पदभार ग्रहण कर ली महत्वपूर्ण योजनाओं की जानकारी
नए डीएम तनय सुल्तानिया शुक्रवार को पहले सर्किट हाउस पहुंचे। कुछ ही देर बार सुबह के 11:10 बजे समाहरणालय परिसर पहुंचे जहां डीएम रिची पांडेय अधिकारियों के साथ स्वागत किया।
गार्ड आफ आनर के बाद सीधा डीएम कार्यालय कक्ष पहुंचे। यहां रिची पांडेय से जिलाधिकारी के पद का प्रभार ग्रहण किया। डीएम तनय सुल्तानिया ने जिला प्रशासन से संबंधित महत्वपूर्ण अभिलेखों, विकासात्मक योजनाओं एवं प्रशासनिक प्राथमिकताओं की जानकारी ली।
निवर्तमान डीएम रिची पांडेय ने जिले में संचालित विभिन्न विकास योजनाओं, महत्वपूर्ण परियोजनाओं एवं प्रशासनिक कार्यों की प्रगति के संबंध में जानकारी दी। इस अवसर पर दोनों पदाधिकारियों ने जिले में प्रशासनिक कार्यों के सुचारू संचालन, विकासात्मक गतिविधियों में निरंतरता तथा जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाने को लेकर विचार-विमर्श किया।
इसी बीच मीडियाकर्मियों से संक्षिप्त बातचीत करते हुए कहा कि जिले के समग्र विकास को गति देना उनकी प्राथमिकता होगी। सरकारी परियोजनाओं का प्रभावी और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। प्रशासनिक कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही एवं संवेदनशीलता को विशेष महत्व दिया जाएगा।
