सिवान कोर्ट में पेशी के बाद शहाबुद्दीन के घर पहुंचे लालू, ओसामा के बेटे के साथ दिखा खास अंदाज
लालू प्रसाद सिवान कोर्ट में 15 साल पुराने आचार संहिता उल्लंघन मामले में पेश हुए, जहां उनके खिलाफ आरोप तय ...और पढ़ें
HighLights
लालू प्रसाद सिवान कोर्ट में आचार संहिता उल्लंघन मामले में पेश हुए।
अदालत ने 15 साल पुराने मामले में लालू के खिलाफ आरोप तय किए।
कोर्ट के बाद लालू ने शहाबुद्दीन के आवास पर ओसामा के बेटे से मिले।
डिजिटल डेस्क, सिवान। राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के अध्यक्ष लालू प्रसाद शुक्रवार को सिवान में अपर मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम अरविंद कुमार सिंह की अदालत में पेश हुए।
करीब 15 वर्ष पुराने आचार संहिता उल्लंघन के मामले में अदालत ने उनके विरुद्ध भारतीय दंड संहिता की धारा 188 और ध्वनि विस्तारक यंत्र अधिनियम की धारा 9 के तहत आरोप गठित किए।
अब मामले में ट्रायल की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी और गवाहों के बयान दर्ज किए जाएंगे। अदालत की इस कार्रवाई के बाद लालू प्रसाद के चेहरे पर कोई शिकन नहीं दिखी।
वे सामान्य अंदाज में कोर्ट से बाहर निकले। इसके बाद वे सिवान के पूर्व सांसद दिवंगत मोहम्मद शहाबुद्दीन के आवास पहुंचे। वहां उनके बेटे और रघुनाथपुर से राजद विधायक ओसामा शहाब ने लालू प्रसाद का स्वागत किया।
ओसामा के बेटे को दुलारते दिखे लालू प्रसाद
शहाबुद्दीन के आवास पर लालू प्रसाद का एक अलग ही अंदाज देखने को मिला। यहां वे ओसामा शहाब के छोटे बेटे से बातचीत करते और उसे दुलारते नजर आए।
इस मुलाकात का वीडियो भी सामने आया है। वीडियो में राजद अध्यक्ष बच्चे के साथ स्नेह जताते दिखाई दे रहे हैं। बताया जाता है कि ओसामा शहाब के बेटे का जन्म वर्ष 2023 में हुआ था।
लालू प्रसाद की यह मुलाकात ऐसे समय हुई, जब वे पुराने आचार संहिता उल्लंघन मामले में अदालत में पेशी के लिए सिवान पहुंचे थे।
पुराने मामले में आगे चलेगी न्यायिक प्रक्रिया
यह मामला वर्ष 2011 के विधानसभा उपचुनाव से जुड़ा है। आरोप है कि उस दौरान आचार संहिता लागू रहने और निषेधाज्ञा के बावजूद सभा की गई थी तथा प्रतिबंध के बाद भी ध्वनि विस्तारक यंत्र का इस्तेमाल किया गया था।
इसी मामले में तत्कालीन अंचलाधिकारी की ओर से लालू प्रसाद और प्रत्याशी परमेश्वर सिंह के विरुद्ध प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी। अदालत में आरोप गठित होने के बाद अब मामले की सुनवाई और गवाही की प्रक्रिया आगे बढ़ेगी।
यह भी पढ़ें- 15 साल पुराने केस में RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद पर आरोप गठित, अब शुरू होगा ट्रायल; गवाही की तैयारी