सिवान में शादी समारोह बना सियासी आकर्षण; युवराज मैरिज हॉल पहुंचे RJD सुप्रीमो लालू प्रसाद
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव बड़हरिया, सिवान में एक शादी समारोह में शामिल हुए। युवराज मैरिज हॉल में उनके आगमन से क्षेत्र में खासा उत्सा ...और पढ़ें

शादी समारोह में राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद, पूर्व विस अध्यक्ष अवध बिहारी चौधरी व अन्य। जागरण
HighLights
लालू प्रसाद यादव बड़हरिया के शादी समारोह में पहुंचे।
प्रशासनिक और पुलिस सुरक्षा व्यवस्था कड़ी की गई।
राजद कार्यकर्ताओं ने लालू प्रसाद का भव्य स्वागत किया।
संवाद सूत्र, बड़हरिया (सिवान)। बड़हरिया में बुधवार को उस समय खासा उत्साह देखने को मिला, जब बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव एक शादी समारोह में शामिल होने युवराज मैरिज हॉल पहुंचे।
उनके आगमन की सूचना मिलते ही पूरे क्षेत्र में प्रशासनिक और पुलिस गतिविधियां तेज हो गईं। लालू प्रसाद के पहुंचते ही सड़कों पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की चहल-पहल बढ़ गई।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर व्यापक इंतजाम किए गए थे। मौके पर एसडीपीओ अजय कुमार सिंह, एसडीओ आशुतोष कुमार, सीओ सरफराज अहमद, प्रखंड विकास पदाधिकारी संदीप कुमार, थानाध्यक्ष छोटन कुमार, कुंदन कुमार समेत बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात रहा।

जामो रोड स्थित युवराज मैरिज हॉल में आयोजित इस विवाह समारोह में वर पक्ष पटना निवासी अनिल जायसवाल के पुत्र अरुण जायसवाल की शादी थी।
कन्या पक्ष सीवान जिले के नवतन प्रखंड निवासी राजू जायसवाल की पुत्री अंजलि कुमारी जायसवाल बताई गई हैं। लालू प्रसाद यादव ने समारोह में पहुंचकर वर-वधू को आशीर्वाद दिया।
पूर्व मुख्यमंत्री के आगमन की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में राजद नेता, कार्यकर्ता और आम लोग उनसे मिलने मैरिज हॉल पहुंच गए।
इस अवसर पर राजद नेताओं और कार्यकर्ताओं ने लालू प्रसाद यादव का गर्मजोशी से स्वागत किया। कार्यकर्ताओं लड्डू यादव, वीरेंद्र साह सहित अन्य लोगों ने उन्हें फूल-मालाएं भेंट कर सम्मानित किया।
लालू प्रसाद यादव की मौजूदगी से शादी समारोह राजनीतिक और सामाजिक दृष्टि से खास बन गया, वहीं क्षेत्र में पूरे दिन चर्चा का माहौल बना रहा।