सिवान में बिहार बंद के दौरान छात्रों का हिंसक प्रदर्शन, SP घायल, 10 राउंड हवाई फायरिंग
सिवान में बिहार बंद के आह्वान के दौरान छात्रों और समर्थकों का प्रदर्शन हिंसक हो गया, जिसमें पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा घायल हो गए। पुलिस ने लाठीचार्ज ...और पढ़ें

प्रदर्शनकारियों को खदेड़ती पुलिस। जागरण
जागरण संवाददाता, सिवान। बिहार बंद के आह्वान के दौरान शनिवार को शहर में छात्रों और बंद समर्थकों का प्रदर्शन हिंसक हो गया।
शहर के गांधी मैदान से शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन कुछ ही देर में उग्र रूप ले बैठा। प्रदर्शनकारियों और पुलिस के बीच हुई तीखी नोकझोंक के बाद जमकर पथराव हुआ, इसमें पुलिस अधीक्षक पूरन कुमार झा घायल हो गए।
हालात पर नियंत्रण पाने के लिए पुलिस ने हल्का लाठीचार्ज किया, कई राउंड आंसू गैस के गोले छोड़े और 10 राउंड हवाई फायरिंग भी करनी पड़ी।
पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो हुए हिंसक
जानकारी के अनुसार, बंद समर्थक शहर के प्रमुख मार्गों पर जुलूस निकालते हुए बाजार और यातायात पूरी तरह बंद कराने का प्रयास कर रहे थे।
पुलिस ने प्रदर्शनकारियों से सड़क को पूरी तरह जाम नहीं करने और निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ने की अपील की। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद बढ़ गया।
देखते ही देखते उग्र प्रदर्शनकारियों ने पुलिस पर पानी की बोतलें, ईंट और पत्थर फेंकने शुरू कर दिए, इसके बाद गांधी मैदान से लेकर जेपी चौक तक पूरे इलाके में अफरातफरी का माहौल बन गया।
वहीं स्थिति की गंभीरता को देखते हुए जिलाधिकारी विवेक रंजन मैत्रेय व एसपी स्वयं मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराने का प्रयास किया।

एसपी पूरन कुमार झा जख्मी
पथराव में एसपी घायल हो गए। पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पहले हल्का लाठीचार्ज किया, लेकिन हालात नहीं संभलने पर आंसू गैस के गोले दागे गए और 10 राउंड हवाई फायरिंग करनी पड़ी।
इस कार्रवाई के बाद भीड़ धीरे-धीरे पीछे हटी और स्थिति नियंत्रण में आई। घटना में कई प्रदर्शनकारी भी घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया।
हालात बिगड़ते देख अतिरिक्त पुलिस बल को मौके पर तैनात किया गया। पुलिस अधिकारियों और प्रदर्शनकारियों के बीच लंबी बातचीत के बाद जुलूस को निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ाया गया, इसके बाद शहर में स्थिति सामान्य होने लगी।
जिला प्रशासन ने घटना में शामिल उपद्रवियों की पहचान कर उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस प्रशासन ने लोगों से अफवाहों पर ध्यान नहीं देने और शांति एवं सौहार्द बनाए रखने की अपील की है।
संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ लगातार गश्त की जा रही है। प्रशासन के अनुसार फिलहाल शहर में स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में है।