सिवान से सफर करने वालों के लिए अपडेट; इस एक्सप्रेस से हटेगा एसी कोच, रद सवारी गाड़ियां बहाल
Indian Railway: सिवान और आसपास के रेल यात्रियों के लिए महत्वपूर्ण अपडेट। रेलवे ने 16 फरवरी से 15105/15106 छपरा-नौतनवा एक्सप्रेस से एसी चेयरकार कोच हटा ...और पढ़ें

सिवान के रेलयात्रियों के लिए राहत और झटका दोनों। सांकेतिक तस्वीर
HighLights
छपरा-नौतनवा एक्सप्रेस से एसी चेयरकार कोच हटाया गया।
कोहरे के कारण रद्द कई सवारी गाड़ियां फिर से शुरू।
हजारों दैनिक यात्रियों को आवाजाही में मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, सिवान। सिवान और आसपास के रेल यात्रियों के लिए रेलवे ने एक ओर जहां एक कोच हटाने का फैसला लिया है, वहीं दूसरी ओर कोहरे के कारण बंद पड़ी कई सवारी ट्रेनों को फिर से शुरू करने का आदेश जारी किया है। इससे हजारों दैनिक यात्रियों को राहत मिलने की उम्मीद है।
भारतीय रेलवे ने बताया कि 15105/15106 छपरा–नौतनवा–छपरा एक्सप्रेस में 16 फरवरी से वातानुकूलित कुर्सीयान (एसी चेयरकार) कोच नहीं लगाया जाएगा।
रेलवे के अनुसार इस कोच में यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम थी, जिस कारण इसका संचालन व्यावहारिक नहीं रह गया था। यह फैसला नियमित यात्रियों की उपयोगिता के आकलन के बाद लिया गया है।
हालांकि, राहत की बात यह है कि कोहरे के कारण अस्थायी रूप से निरस्त की गई कई ट्रेनों को दोबारा चलाने का निर्णय हुआ है।
वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार के अनुसार 55042 गोरखपुर कैंट–सिवान सवारी गाड़ी का संचालन 16 फरवरी से पूर्ववत बहाल किया जाएगा। वहीं 55122/55121 सिवान–समस्तीपुर–सिवान सवारी गाड़ी 17 फरवरी से फिर से पटरी पर लौटेगी।
इसके अलावा 18 फरवरी से 55041 सिवान–गोरखपुर कैंट सवारी गाड़ी और 15129 गोरखपुर कैंट–वाराणसी सिटी एक्सप्रेस का भी नियमित संचालन शुरू होगा।
स्थानीय यात्रियों का कहना है कि सवारी गाड़ियों के बहाल होने से रोजमर्रा के सफर, पढ़ाई और रोजगार के लिए आवाजाही करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी।
वहीं एसी चेयरकार हटने से कुछ यात्रियों को असुविधा जरूर होगी, लेकिन रेलवे का मानना है कि संसाधनों का बेहतर उपयोग यात्रियों के व्यापक हित में है।