Trending

    विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

    पहले उतारी आरती, फिर किया दंडवत...; बिजली विभाग के खिलाफ ग्रामीणों का अनोखा विरोध

    Updated: Sat, 18 Jul 2026 10:11 AM (IST)

    सिवान के आंदर प्रखंड के अर्कपुर गांव में 15 दिनों से बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने बिल वसूलने आए बिजली कर्मियों की आरती उतारकर अनोखा विरोध प्रदर् ...और पढ़ें

    HighLights

    1. अर्कपुर गांव में 15 दिन से बिजली बाधित।

    2. ग्रामीणों ने बिजली कर्मियों की आरती उतारी।

    3. नियमित आपूर्ति न होने पर आंदोलन की चेतावनी।

    संवाद सूत्र, आंदर (सिवान)। सिवान जिले के आंदर प्रखंड के अर्कपुर गांव में बिजली आपूर्ति की बदहाल व्यवस्था के विरोध का एक अनोखा मामला सामने आया है।

    करीब 15 दिनों से अनियमित बिजली आपूर्ति से परेशान ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मियों का विरोध प्रदर्शन भी अनोखे अंदाज में किया।

    बिल वसूली करने पहुंचे विभागीय कर्मियों और लाइनमैन की ग्रामीणों ने विधिवत आरती उतारी, फूल चढ़ाए, अगरबत्ती दिखाई।

    उन्हें ठंडा पेय पिलाकर व्यंग्यात्मक ढंग से अपना आक्रोश जताया। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो शनिवार को सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

    वीडियो में बड़ी संख्या में ग्रामीण बिजली विभाग के कर्मियों का आरती की थाली से स्वागत करते नजर आ रहे हैं। इतना ही नहीं, कुछ ग्रामीण कर्मियों के सामने दंडवत प्रणाम करते भी दिखाई दे रहे हैं।

    ग्रामीणों का कहना है कि यह विरोध किसी व्यक्ति विशेष के खिलाफ नहीं, बल्कि बिजली विभाग की लापरवाही के खिलाफ था।

    15 दिनों से बाधित है बिजली आपूर्ति

    ग्रामीणों के अनुसार पिछले लगभग 15 दिनों से गांव में बिजली आपूर्ति लगातार बाधित है। भीषण गर्मी के बीच दिन और रात दोनों समय बार-बार बिजली कटने से लोगों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है।

    सबसे अधिक परेशानी बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को उठानी पड़ रही है। लगातार बिजली नहीं रहने से विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है, जबकि छोटे कारोबारियों का काम भी ठप पड़ने लगा है।

    शिकायत के बाद भी नहीं हुई सुनवाई

    ग्रामीणों का आरोप है कि उन्होंने कई बार संबंधित जूनियर इंजीनियर (जेई) को फोन कर समस्या से अवगत कराया, लेकिन बिजली व्यवस्था में कोई सुधार नहीं हुआ।

    इसी बीच जब बिजली बिल की वसूली करने वाले कर्मी और लाइनमैन गांव पहुंचे तो लोगों ने व्यंग्यात्मक अंदाज में उनका स्वागत कर विभाग तक अपना संदेश पहुंचाने की कोशिश की।

    ग्रामीणों ने कर्मियों की आरती उतारी, फूल और अगरबत्ती अर्पित की तथा उन्हें ठंडा पेय भी पिलाया। इसके बाद कुछ लोगों ने जमीन पर लेटकर दंडवत प्रणाम किया। यह पूरा विरोध शांतिपूर्ण तरीके से किया गया।

    सुधार नहीं हुआ तो आंदोलन की चेतावनी

    आरती के बाद ग्रामीणों ने बिजली विभाग के कर्मियों से कहा कि वे उनकी पीड़ा विभागीय अधिकारियों तक पहुंचाएं और गांव में नियमित एवं निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित कराई जाए।

    ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो वे व्यापक आंदोलन करने को मजबूर होंगे, जिसकी पूरी जिम्मेदारी बिजली विभाग की होगी।

    वीडियो बना चर्चा का विषय

    सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे इस वीडियो को लेकर इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। लोग इसे बिजली व्यवस्था के खिलाफ ग्रामीणों के आक्रोश और व्यंग्यात्मक विरोध का अनोखा तरीका बता रहे हैं।

    गांव के लोगों का कहना है कि वे केवल नियमित बिजली आपूर्ति चाहते हैं, ताकि आम जनजीवन सामान्य हो सके।