विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गांव की पगडंडियों से निकलकर संभाली बिहार क्रिकेट टीम की कमान, सिवान की वैदेही ने किया कमाल

Published: Fri, 06 Nov 2026 03:37 PM (IST)

रघुनाथपुर के लौकिपुर गांव की वैदेही यादव को बिहार अंडर-23 महिला टी-20 टीम का कप्तान बनाया गया है।

वैदेही यादव। (जागरण)

वैदेही यादव। (जागरण)

HighLights

  1. रघुनाथपुर की वैदेही यादव बनीं बिहार अंडर-23 महिला क्रिकेट कप्तान।

  2. ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर पर बनाई अपनी पहचान।

  3. उनकी सफलता अन्य ग्रामीण बेटियों के लिए प्रेरणा का स्रोत।

संवाद सूत्र, रघुनाथपुर (सिवान)। सुदूर ग्रामीण परिवेश में पली-बढ़ी बेटियां भी अपनी प्रतिभा, मेहनत और लगन के दम पर राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना सकती हैं।

इसका उदाहरण रघुनाथपुर प्रखंड क्षेत्र के लौकिपुर गांव निवासी वैदेही यादव ने पेश किया है। साधारण परिवार में परवरिश पाने वाली वैदेही ने महिला क्रिकेट की दुनिया में अपनी अलग पहचान बनाकर न केवल अपने परिवार, बल्कि पूरे रघुनाथपुर प्रखंड और सिवान जिले का मान बढ़ाया है।

वैदेही यादव बिहार क्रिकेट एसोसिएशन (बीसीए) की ओर से घोषित अंडर-23 महिला टी-20 टीम की कप्तान बनाई गई हैं।

उन्हें आगामी टूर्नामेंट के शुरुआती दो मुकाबलों में बिहार टीम की कमान सौंपी गई है। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 14 से 21 नवंबर तक आयोजित होने वाली इस प्रतियोगिता के लिए 15 सदस्यीय टीम का चयन किया गया है।

वैदेही के लिए यह उपलब्धि एक दिन की मेहनत का परिणाम नहीं, बल्कि लंबे संघर्ष, निरंतर अभ्यास और खेल के प्रति समर्पण की कहानी है।

साबित की प्रतिभा

ग्रामीण परिवेश से निकलकर उन्होंने क्रिकेट के क्षेत्र में अपनी प्रतिभा साबित की है। वह इससे पहले भी कई बार बिहार महिला क्रिकेट टीम की जिम्मेदारी निभा चुकी हैं। अब अंडर-23 टीम की कप्तानी मिलना उनके खेल सफर की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।

बेटी को कप्तानी की जिम्मेदारी मिलने से पिता राकेश यादव सहित पूरे परिवार में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों सुजीत कुमार निराला, अभिनाश कुमार, अनिल यादव सहित अन्य ने प्रसन्नता जताते हुए कहा कि वैदेही की सफलता ग्रामीण क्षेत्र की दूसरी बेटियों के लिए भी प्रेरणा बनेगी।

उनकी उपलब्धि ने साबित किया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद मेहनत और दृढ़ संकल्प से बड़े मुकाम हासिल किए जा सकते हैं। वैदेही से अब बिहार टीम को बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद है।

यह भी पढ़ें- कभी क्लासरूम में बैठकर पढ़ा, आज उसी यूनिवर्सिटी में बनीं साइंटिस्ट; बिहार में नौसेना अफसर की बेटी ने बढ़ाया मान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।