सुपौल: 2 साल में उड़ान के लिए तैयार होगा वीरपुर एयरपोर्ट, 3 किलोमीटर लंबा होगा रनवे
उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने वीरपुर हवाई अड्डे का निरीक्षण किया और बताया कि इसका निर्माण दो साल में पूरा हो जाएगा। यह हवाई अड्डा कोसी क्षेत्र ...और पढ़ें

2 साल में उड़ान के लिए तैयार होगा वीरपुर एयरपोर्ट, 3 किलोमीटर लंबा होगा रनवे (AI Generated Image)
संवाद सहयोगी, वीरपुर (सुपौल)। बिहार के उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव ने सोमवार को वीरपुर हवाई अड्डे का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि हवाई अड्डे के निर्माण का टेंडर पूरा हो चुका है और अगले दो वर्षों के भीतर निर्माण कार्य पूरा कर लिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान उपमुख्यमंत्री ने वाहन से हवाई अड्डे के पूर्वी छोर तक पहुंचकर पूरे परिसर का जायजा लिया। उन्होंने कहा कि परियोजना के पूरा होने से कोसी क्षेत्र के लोगों को हवाई सेवा की सुविधा मिलेगी। इससे व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलेगा।

जानकारी के अनुसार, हवाई अड्डे के विस्तार के प्रथम चरण के लिए राज्य सरकार ने 42 करोड़ 37 लाख 79 हजार रुपये की स्वीकृति दी है। इस राशि से 88.83 एकड़ भूमि का अधिग्रहण किया जाएगा।
इसके बाद 1200 मीटर लंबे मौजूदा रनवे को बढ़ाकर तीन किलोमीटर किया जाएगा, जिससे व्यावसायिक विमानों का संचालन संभव हो सकेगा।
हवाई अड्डे पर रनवे, टैक्सीवे, एप्रन, पेरिमीटर रोड, ग्राउंड सर्विस क्षेत्र सहित अन्य आधारभूत संरचनाओं का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा प्री-फैब्रिकेटेड टर्मिनल भवन, एयर ट्रैफिक कंट्रोल टावर और फायर स्टेशन जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।
करीब 64 करोड़ 80 लाख रुपये की लागत से विकसित होने वाला यह हवाई अड्डा कोड-2बी श्रेणी के विमानों के संचालन के अनुरूप तैयार किया जाएगा। भारत-नेपाल सीमा के निकट स्थित होने के कारण यह परियोजना सामरिक और प्रशासनिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है।
निरीक्षण के दौरान डीडीसी इन्द्रवीर कुमार, एसडीएम वीरपुर विनय कुमार, एसडीपीओ वीरपुर सुरेंद्र कुमार, बीडीओ बसंतपुर सुजीत कुमार मिश्रा, सीओ बसंतपुर सहित कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
वहीं जदयू प्रखंड अध्यक्ष अनिल खेरवार, अजय आनंद, विनोद मेहता, बालकृष्ण यादव, मो. शौकत, मोतीउर रहमान और गोपाल मंडल शामिल थे।