Supaul News: छातापुर में पटना जाने वाली बस धू-धू कर जली, गुस्साई भीड़ ने थाने में की तोड़फोड़
सुपौल के छातापुर में पटना जाने वाली एक बस में आग लग गई। दमकल की व्यवस्था न होने के कारण बस पूरी तरह जलकर राख हो गई। इससे आक्रोशित भीड़ ने छातापुर थाने ...और पढ़ें
संवाद सूत्र, छातापुर (सुपौल)। मुख्यालय स्थित बस पड़ाव पर बुधवार की शाम उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब छातापुर से पटना जाने वाली देव ट्रेवल्स की बस में अचानक आग लग गई। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरी बस धू-धू कर जलने लगी। घटना शाम करीब 5:30 बजे की बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बस में आग लगने के बाद लोग उसे बुझाने का प्रयास करते रहे, लेकिन स्थानीय स्तर पर दमकल की व्यवस्था नहीं होने के कारण आग पर काबू नहीं पाया जा सका। लगभग 6:20 बजे तक भी दमकल नहीं पहुंची, जिससे बस पूरी तरह जलकर राख हो गई।
लोगों का कहना है कि छातापुर थाना में दमकल की व्यवस्था नहीं होने के कारण पहले भी ऐसी घटनाओं में भारी नुकसान हो चुका है।

बताया जाता है कि आग लगने के बाद भीमपुर थाना से करीब 6:20 बजे दमकल वाहन पहुंचा, लेकिन मौके पर मौजूद आक्रोशित लोगों ने दमकल वाहन को खदेड़ दिया। इसके बाद दमकल कर्मी वाहन लेकर छातापुर थाना की ओर भाग गए।
इधर, घटना से नाराज लोगों का गुस्सा भड़क उठा। आक्रोशित भीड़ ने छातापुर थाना पहुंचकर एसएच-91 को जाम कर दिया और थाना के समीप लगे पुलिस की बोर्ड को तोड़फोड़ शुरू कर दी। भीड़ ने थाना के बाहर खड़ी डायल 112 की वाहन को क्षतिग्रस्त कर सड़क पर पलट दिया। स्थिति कुछ देर के लिए पूरी तरह बेकाबू हो गई।
खबरें और भी

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय तक मौके पर कोई वरीय पदाधिकारी नहीं पहुंचे थे। भीड़ के उग्र रूप को देखते हुए थाना के पुलिसकर्मी भी असहाय नजर आए।
प्रदर्शनकारी ने थाने में लगे सीसीटीवी कैमरों को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। बाद में पहुंचे स्थानीय प्रतिनिधि किसी तरह स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास करने में जुट गए।
छातापुर में दमकल की व्यवस्था नहीं, लोगों ने कहा- डीएम व एसडीओ तक से मांग की गई
स्थानीय लोगों ने बताया कि छातापुर में दमकल केंद्र स्थापित करने की मांग को लेकर कई बार जिलाधिकारी व अनुमंडल पदाधिकारी को आवेदन दिया गया है, लेकिन अब तक इस दिशा में कोई ठोस पहल नहीं हो सकी है।
लोगों का कहना है कि यदि समय पर दमकल पहुंचती तो बस को जलने से बचाया जा सकता था और घटना के बाद उत्पन्न हुई उग्र स्थिति भी टल सकती थी।
इधर, शाम के सात बजे कई थाने की पुलिस घटना स्थल पर पहुंची और स्थिति को काबू पाने में लग गई।त्रिवेणीगंज एसडीपीओ ने घटनास्थल पर पहुंचकर मामले का जायजा लिया।