मुहर्रम में डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध, बिना लाइसेंस सुपौल में नहीं निकलेगा कोई भी जुलूस
सुपौल में मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण संपन्न कराने के लिए अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक हुई, जिसमें डीजे पर पूर्ण प्रतिबंध लगाने और बिना लाइसेंस ज ...और पढ़ें

मुहर्रम में डीजे पर रहेगा पूर्ण प्रतिबंध
HighLights
मुहर्रम पर्व पर डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
बिना लाइसेंस कोई भी जुलूस निकालने की अनुमति नहीं होगी।
संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल तैनात किए जाएंगे।
जागरण संवाददाता, सुपौल। मुहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं विधि-व्यवस्था के अनुरूप संपन्न कराने को लेकर सदर अनुमंडल कार्यालय कक्ष में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई। अध्यक्षता अनुमंडल पदाधिकारी मनोहर साहू ने की।
अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी की उपस्थिति में पर्व के दौरान सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था को लेकर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में नगर परिषद सुपौल अध्यक्ष राघवेंद्र झा राघव, भाजपा के पूर्व जिलाध्यक्ष नागेंद्र नारायण ठाकुर, मो. जमालुद्दीन, रामचंद्र यादव, मकसूद आलम, शंभू चौधरी, सुनील कुमार सिंह सहित विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं प्रशासनिक प्रतिनिधि उपस्थित थे।
इसके अलावा कार्यपालक पदाधिकारी, सदर अंचल अधिकारी तथा विभिन्न थाना क्षेत्रों के थानाध्यक्ष भी मौजूद रहे।
भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा पर्व
अनुमंडल पदाधिकारी एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी ने कहा कि सुपौल अनुमंडल क्षेत्र में पूर्व वर्षों की तरह इस वर्ष भी मुहर्रम पर्व आपसी भाईचारे एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाया जाएगा।
थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक
उन्होंने शांति समिति के सदस्यों से समाज के सभी वर्गों के लोगों को शांतिपूर्ण ढंग से पर्व मनाने के लिए जागरूक करने और प्रशासन को सहयोग देने की अपील की। बैठक में पर्व के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश जारी किए गए। निर्णय लिया गया कि सभी थाना स्तर पर शांति समिति की बैठक आयोजित की जाएगी।
जुलूस मार्ग का सत्यापन करने के बाद ही जुलूस के लिए लाइसेंस जारी किया जाएगा तथा बिना लाइसेंस किसी भी जुलूस की अनुमति नहीं होगी। मुहर्रम के दौरान डीजे के प्रयोग पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। बताया गया कि सभी थाना क्षेत्रों में लगातार पुलिस गश्ती जारी रहेगी। जुलूस मार्गों एवं ताजिया स्थलों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की जाएगी।
संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति
संवेदनशील स्थानों पर दंडाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी ताकि किसी भी अप्रिय स्थिति से तत्काल निपटा जा सके। बैठक में इंटरनेट मीडिया के जिम्मेदार उपयोग पर भी जोर दिया गया। अधिकारियों ने कहा कि वाट्सएप अथवा अन्य इंटरनेट मीडिया प्लेटफार्म पर किसी भी प्रकार के भ्रामक, भड़काऊ या संवेदनशील संदेश को बिना सत्यापन के आगे प्रेषित नहीं करें। किसी भी आपत्तिजनक सामग्री की जानकारी मिलने पर तत्काल स्थानीय थाना अथवा प्रशासन को सूचित करें।