भारत-नेपाल सीमा पर सुपौल में SSB की बड़ी कार्रवाई; स्कॉर्पियो से 100 वॉकी-टॉकी और 2.63 लाख नेपाली मुद्रा जब्त
भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर एसएसबी ने तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। दो अलग-अलग अभियानों में 100 वॉकी-टॉकी सेट, एक स्कॉर ...और पढ़ें

वीरपुर 45वीं वाहिनी SSB ने नेपाल ले जाए जा रहे 100 बाओफेंग वॉकी-टॉकी और 2.63 लाख नेपाली मुद्रा के साथ 2 को पकड़ा
HighLights
एसएसबी ने भारत-नेपाल सीमा पर दो बड़ी कार्रवाई की।
100 वॉकी-टॉकी सेट और एक स्कॉर्पियो वाहन जब्त।
2.63 लाख नेपाली मुद्रा के साथ एक तस्कर गिरफ्तार।
संवाद सहयोगी, वीरपुर (सुपौल)। भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसएसबी 45वीं वाहिनी वीरपुर को बड़ी सफलता मिली है। एसएसबी जवानों ने दो अलग-अलग कार्रवाइयों में 100 बाओफेंग वॉकी-टॉकी सेट, एक स्कॉर्पियो वाहन और 2.63 लाख रुपये की नेपाली मुद्रा जब्त की है। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर डगमारा थाना व कस्टम विभाग को सौंप दिया गया है।
दिल्ली से कूरियर के जरिए पहुंची थी वायरलेस उपकरणों की खेप
एसएसबी कमांडेंट गौरव सिंह के अनुसार, सीमा चौकी नियोर के जवानों ने नेपाल जा रही एक संदिग्ध स्कॉर्पियो को रोककर तलाशी ली। चालक की पहचान नेपाल के सप्तरी निवासी देवानंद मिश्रा के रूप में हुई। वाहन की डिक्की से दो कार्टन में रखे 50 बाओफेंग वॉकी-टॉकी और 50 पोर्टेबल वायरलेस उपकरण (कुल 100) बरामद हुए।
मौके से नई दिल्ली के चांदनी चौक स्थित महेश्वरी ट्रेडर्स का बिल मिला, जो कुनौली के महावीर इलेक्ट्रॉनिक के नाम पर जारी था। चालक ने कबूला कि उसे नेपाल पहुंचाने के लिए 1000 रुपये मिलने वाले थे। वायरलेस प्लानिंग एंड कोऑर्डिनेशन (WPC) की अनुमति न मिलने पर उपकरण व स्कॉर्पियो जब्त कर चालक को डगमारा थाने के हवाले कर दिया गया।
सुरक्षा एजेंसियों के उड़े होश, राष्ट्रीय सुरक्षा के एंगल से जांच शुरू
सीमा क्षेत्र में इतनी बड़ी संख्या में आधुनिक संचार उपकरणों की खेप मिलने से सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर हैं। 21 जुलाई को भी एक तस्कर से वॉकी-टॉकी बरामद हुआ था। जांच एजेंसियां इस बात की पड़ताल कर रही हैं कि विशेष संचार उपकरण कूरियर के जरिए फर्जी सामान के नाम पर सीमावर्ती इलाके तक कैसे पहुंचे और इनका उपयोग किसी राष्ट्रविरोधी गतिविधि में तो नहीं होना था।
खबरें और भी
कटैया चेकपोस्ट पर 2.63 लाख नेपाली करेंसी के साथ तस्कर गिरफ्तार
दूसरी कार्रवाई में सीमा चौकी कटैया के जवानों ने नेपाल से भारत आ रहे रविंद्र यादव नामक व्यक्ति को पकड़ा। तलाशी में उसके पास से 2,63,000 नेपाली रुपये बरामद हुए। वैध दस्तावेज न दिखाने पर एसएसबी ने मुद्रा और उसकी साइकिल को जब्त कर अग्रिम कानूनी कार्रवाई के लिए सीमा शुल्क कार्यालय (भीमनगर) को सौंप दिया है।
"भारत-नेपाल सीमा पर तस्करी और संदिग्ध गतिविधियों पर एसएसबी की पैनी नजर है। सीमा सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए यह सघन चेकिंग अभियान आगे भी जारी रहेगा।"
— गौरव सिंह, कमांडेंट, 45वीं वाहिनी SSB